10 साल, हजारों मुस्कानें और अनगिनत बदलावःग्रीनसोल फाउंडेशन मनाएगा सेवा व सामाजिक सरोकारों का दशक

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत ग्रीनसोल फाउंडेशन द्वारा अपनी स्थापना के 10 वर्ष पूर्ण होने पर 22 जून को एक विशेष समारोह का कैलाशपुरी मुणवास गांव स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में आयोजन किया जायेगा। एक दशक की इस प्रेरणादायक यात्रा के दौरान संस्था ने समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक उत्थान के क्षेत्र में किये गये उल्लेखनीय कार्यो की जाकनारी दी जायेगी।
इस अवसर पर कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विशेष डोनेशन ड्राइव होगी, जिसके अंतर्गत सरकारी विद्यालय के विद्यार्थियों को 355 अपसाइकल्ड चप्पलें और स्कूल बैग वितरित किए जाएंगे। यह पहल पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के अनूठे संगम का उदाहरण बनेगी। संस्था का मानना है कि पुनर्चक्रण (अपसाइक्लिंग) के माध्यम से न केवल पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सकता है, बल्कि जरूरतमंद बच्चों की सहायता भी की जा सकती है।
इस मौके पर सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, कॉर्पाेरेट जगत से जुड़े सहयोगी, शिक्षाविद, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम संस्था की अब तक की उपलब्धियों और भविष्य के संकल्पों का साक्षी बनेगा।
ग्रीनसोल फाउंडेशन के संस्थापक श्रीयंस भंडारी ने कहा कि पिछले दस वर्षों का यह सफर समाज के सहयोग, विश्वास और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्था ने हमेशा ऐसे नवाचारों को बढ़ावा दिया है, जिनसे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव लाया जा सके। आने वाले वर्षों में भी संस्था इसी प्रतिबद्धता के साथ समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाती रहेगी।
समारोह के दौरान संस्था की दस वर्षों की उपलब्धियों, प्रमुख परियोजनाओं, प्रेरणादायक सफलता की कहानियों और सामाजिक प्रभाव को विशेष प्रस्तुति के माध्यम से साझा किया जाएगा, साथ ही आगामी वर्षों के लिए निर्धारित नई योजनाओं और जनकल्याणकारी अभियानों की भी घोषणा की जाएगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!