कुलगुरु ने आरसीए कन्या छात्रावास की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

छात्राओं के सुझावों पर त्वरित कार्रवाई का दिया आश्वासन: डॉ. प्रताप सिंह

उदयपुर, 7 जून, 2026। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर के माननीय कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह ने आज राजस्थान कृषि महाविद्यालय के कन्या छात्रावास का कल रविवार शाम निरीक्षण किया।  निरीक्षण के दौरान कुलपति महोदय ने छात्रावास की विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए छात्राओं के साथ आत्मीय संवाद स्थापित किया। उन्होंने छात्राओं से उनकी शैक्षणिक प्रगति, छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं, भोजन व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक अपने अनुभव, सुझाव एवं आवश्यकताओं से उन्हें अवगत कराया।

कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह ने छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सुझावों एवं फीडबैक को गंभीरता से सुना तथा आवश्यक समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने छात्राओं को अनुशासन, परिश्रम एवं सकारात्मक सोच के साथ अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कुलगुरु ने छात्राओं को  कहा कि वे शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय सहभागिता निभाएं, जिससे उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास हो सके तथा उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं टीम भावना का विकास हो। उन्होंने छात्रावास में टेबल टेनिस एवं बास्केटबॉल की सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए तथा सैनिटरी एवं विद्युत व्यवस्था से संबंधित समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने हेतु अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। कुलगुरु ने निर्देश दिए कि कन्या छात्रावास के गेस्ट हाउस में आवासीय सुविधाओं का आवंटन पीएच.डी. छात्राओं को एम.एससी. में प्राप्त मेरिट के आधार पर किया जाए, जिससे पात्र छात्राओं को प्राथमिकता प्रदान की जा सके।

इस अवसर पर अधिष्ठाता डॉ. मनोज कुमार महला ने छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं एवं छात्राओं के हित में महाविद्यालय द्वारा किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की जानकारी प्रदान की। मुख्य वार्डन डॉ. हरि सिंह ने छात्रावास की व्यवस्थाओं, छात्राओं के कल्याणार्थ संचालित गतिविधियों तथा हाल ही में किए गए सुधारात्मक कार्यों से कुलगुरु महोदय को अवगत कराया।

इस अवसर पर डॉ. हेमलता शर्मा, डॉ. शालिनी पिलानिया, कन्या छात्रावास वार्डन डॉ. पूजा शर्मा, संपदा अधिकारी निशा व्यास, इंजीनियर देवराज सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!