—प्रकरण दर्ज होने के मात्र 24 घण्टे में किया पर्दाफाश,
उदयपुर। जमीन हडपने के लिए वृद्ध के साथ मारपीट करने और उसका अपहरण करने के आरोप में बडगांव थाना पुलिस ने 9 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर कार्यवाही को अंजाम दिया। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। प्रार्थी बंशीलाल पिता रामलाल गमेती बडगाव थाने में रिपोर्ट दी कि 8 मार्च को सुबह नारायण सेवा संस्थान के वहां काम से गया हुआ था। मेरी मां कंकु बाई व मेरे पिता रामा गमेती घर पर ही थे, मेरे पिता रामा मेरे घर के पास स्थित पनघट पर पानी लेने गये थे कि वहां पर एक सफेद रंग की कार आई जिसके पीछे क्षत्रिय लिखा हुआ था। उसमें मुकेश पिता मांगीलाल गमेती व विजय कुमार के साथ एक अन्य व्यक्ति नीचे उतरा और मेरे पिता को जबरदस्ती उठाकर कार में पटककर ले गये। इन लोगो द्वारा मेरे पिता के नाम पर जमीन को जबरदस्ती हडपने कि नियत से अपहरण कर कार में डाल कर ले गये। इस रिपोर्ट के बाद जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर बडगांव थानाधिकारी किताब देवी के नेतृत्व में टीमें गठित की गई। पुलिस टीमों ने रामा गमेती की तलाशी के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले एवं तकनीकी अनुसंधान और आसूचना तंत्र की सहायता से रामा गमेती को दस्तयाब कर मुल्जिमान की धरपकड की गई। पुलिस ने इस प्रकरण में मुकेश गमेती, अशोक बंजारा, दीपचन्द्र, सुरेश गमेती, पुष्कर गमेती, विजय गमेती, प्रकाश गमेती और प्रवीण मेघवाल को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इन आरोपियों से दो कारे भी जब्त की। इनके अलावा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही हैं।
भोले—भाले लोगों को चिन्हित कर जमीनों को हडपने का काम करता था यह गिरोह
पुलिस ने बताया कि लम्बे समय से एक आपराधिक गिरोह बनाकर आपराधिक षडयंत्र पूर्वक भोले-भाले लोगो की जमीन चिन्हित कर विधि विरूद्ध प्रकिया से इस गिरोह के सदस्यो के नाम रजिस्ट्रियां करवा कर धोखाधडियां की जा रही हैं। इस प्रकरण में भी इस गिरोह द्वारा सर्वप्रथम श्री रामा गमेती निवासी हलेला नारायण सेवा संस्थान हाथीधर्रा की जमीन को चिन्हित किया। इस जमीन की रजिस्ट्री करवाने के कागजात पहले से ही तैयार करवा लिये योजना के अनुसार रामा गमेती की पूर्व से रैकी की, वो कहां आता हैं कहां जाता हैं। उसी अनुरूप 8 मार्च को गिरोह द्वारा जब रामा गमेती उसके घर के पास पनघट से पानी लेने जा रहा था तो उसको जबरदस्ती एक ब्रेजा कार में डालकर ले गये। गिरोह का प्लान था की रामा की जमीन जिसकी रजिस्ट्री के कागजात पूर्व से गिरोह द्वारा तैयार किये जा चुके थे। उन पर रामा गमेती के हस्ताक्षर करवा कर रामा की जमीन अपने गिरोह के सदस्य के नाम करवा देते किन्तु पुलिस की तत्परता के कारण बदमाश रामा गमेती को साईफन चौराहा पर छोडकर भाग निकले। गिरफतार अभियुक्तों से पूछताछ में सामने आया है कि यह कार्य उनके द्वारा किशन मेघवाल निवासी बांसलिया नान्देशमा थाना सायरा व सुरेश मेघवाल निवासी सुहावतो का गुडा थाना गोगुन्दा के कहने पर किया गया था। पुलिस अब किशन मेघवाल, सुरेश मेघवाल तथा इस वारदात में शामिल अन्य लोगो व काम में लिये गये वाहनों की तत्परता से तलाश कर रही हैं।
वद्ध की जमीन हडपने के लिये अपहरण करने के आरोप में 9 अभियुक्त गिरफ्तार
