– 3 की हालत गंभीर, अस्पताल में कराया गया भर्ती
डूंगरपुर। डूंगरपुर के कलेक्ट्रेट रोड पर रविवार रात 2 बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक पर सवार 6 लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 3 घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर कर दिया। कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार कोटाना निवासी मनीष पुत्र देवीलाल पारगी की पत्नी प्रसव के चलते जिला अस्पताल में भर्ती थी। रविवार रात मनीष अपने 3 साल के बेटे सुशांत, साले विशाल पुत्र शंकरलाल कोटेड निवासी कंडूला और एक अन्य व्यक्ति नंदलाल पुत्र राजेंद्र रोत निवासी मांडवा खापरड़ा के साथ बाइक पर सवार होकर अपनी पत्नी को टिफिन देने जिला अस्पताल जा रहा था। रास्ते में कलेक्ट्रेट रोड पर पंचायत समिति के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक पर सवार 6 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। उसी समय वहां से गुजर रहे कॉन्स्टेबल कुणाल पंड्या ने दो घायलों को अपनी कार से अस्पताल पहुंचाया, जबकि कोतवाली थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। 4 घायलों को एंबुलेंस से डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे में मनीष, उसके बेटे सुशांत और साले विशाल को मामूली चोटे आई। नंदलाल और दूसरी बाइक पर सवार शांतिलाल पुत्र शंकरलाल रोत और एक अन्य युवक को हालत गंभीर होने पर प्राथमिक इलाज के बाद तीनों को रेफर कर दिया गया। फिलहाल पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइक जब्त कर ली हैं।
2 बाइक की टक्कर में मासूम सहित 6 लोग घायल
