कंटेनर की टक्कर से 3 चचेरे भाइयों की मौत

कार में थे सवारय देर रात शादी से लौट रहे थे घर
डूंगरपुर। डूंगरपुर में कंटेनर ट्रक की टक्कर से कार सवार तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई। तीनों एक शादी से घर लौट रहे थे। हादसा बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-48 पर मंगलवार रात शिशोद गांव के पास हुआ। बिछीवाड़ा थाना हेड कॉन्स्टेबल शिशुपाल सिंह ने बताया- थाना क्षेत्र के भुवाली निवासी पंकज (25) पुत्र राकेश डामोर, अक्षय (27) पुत्र प्रवीण और महेश (26) पुत्र देवचंद डामोर चचेरे भाई थे। तीनों मंगलवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के कुशाल मंगरी गांव में एक रिश्तेदार के यहां शादी में गए थे। रात को कार में सवार होकर शादी से अपने घर लौट रहे थे। करीब रात 1 बजे नेशनल हाईवे-48 पर शिशोद गांव के पास पीछे से स्पीड में आ रहे कंटेनर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर कार को घसीटते हुए करीब 30 फीट तक आगे ले गया। हादसे में कार सवार पंकज, अक्षय और महेश के सिर, हाथ व पैर में गंभीर चोटें आईं। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
कंटेनर छोड़कर ड्राइवर फरार
घटना की सूचना पर बिछीवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का मौका मुआयना कर शव डूंगरपुर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाए। पुलिस ने तीनों शव की पहचान करने के बाद उनके परिजनों को सूचना दी। बुधवार सुबह पोस्टमॉर्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिए। हेड कॉन्स्टेबल शिशुपाल ने बताया- घटना स्थल पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी ड्राइवर कंटेनर छोड़कर मौके से फरार हो गया था। ड्राइवर के खिलाफ एक्सीडेंट का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। महेश बीए कर रहा था, अक्षय आईटीआई पास था और पंकज 12वीं पास था।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!