वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना में अब 70 वर्ष के सामान्य और 60 वर्ष से अधिक आयु के दिव्यांगजन अपने साथ ले जा सकेंगे सहायक 

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

देवस्थान मंत्री ने ली ‘वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा’ योजना सलाहकार समिति की बैठक

जयपुर, 26 मई। देवस्थान मंत्री श्रीमती शकुंतला रावत ने कहा कि सितम्बर-अक्टूबर माह से प्रारंभ होने वाली वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना में अब 70 वर्ष से अधिक आयु के सामान्य व्यक्ति और 60 वर्ष से अधिक आयु के दिव्यांगजन यात्रा के दौरान अपने साथ एक सहायक ले जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों की यात्रा सुविधाजनक हो। 

श्रीमती रावत गुरुवार को सचिवालय स्थित अपने कक्ष में वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना सलाहकार समिति की बैठक को संबोधित कर रही थीं। बैठक में सलाहकार समिति के सदस्य श्री रणधीर सिंह, श्री वीरेन्द्र पूनिया उपस्थित रहे जबकि श्री इंद्रराज सिंह गुर्जर और श्री रमेश पंड्या ने दूरभाष के जरिए सुझावों पर सहमति दी। बैठक में देवस्थान आयुक्त श्री करण सिंह, संयुक्त शासन सचिव श्री अजय सिंह राठौड़ सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

देवस्थान मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने बजट घोषणा में इस योजना के लिए 13 करोड़ से बजट बढ़ाकर 30 करोड़ किया, वहीं यात्रियों की संख्या को भी 10 हजार से बढ़ाकर 20 हजार करने के निर्देश दिए हैं उन्होंने कहा कि यात्रा के लिए 2011 की जनसंख्या के आधार पर जिलों के लिए अनुपातिक कोटा निर्धारित किया गया है। इस यात्रा में एक दर्जन से ज्यादा तीर्थस्थलों का भ्रमण करवाया जाएगा।

देवस्थान मंत्री ने कहा कि समिति का सुझाव था कि प्रदेश के वृद्धाश्रमों से भी बुजुर्गों को यात्रा में शामिल किया जाए । पति और पत्नी में से किसी एक के आवेदन करने पर दोनों को पात्र माना जाए। साथ ही दिव्यांग बुजुर्गों को भी सहायक के साथ यात्रा को अनुमति मिले। मंत्री ने सभी सुझावों को मानते हुए अधिकारियों को इन्हें शामिल करने के निर्देश दिए।

श्रीमती रावत ने कहा कि सितम्बर-अक्टूबर से शुरू होने वाली यात्रा में जून माह से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ करने और सितंबर माह से यात्रा शुरू करना प्रस्तावित है। यात्रा में पहली बार 20 हजार यात्रियों को देशभर के तीर्थ स्थलों तक ले जाया जाएगा। इनमें से 18 हजार यात्रियों को ट्रेन व 2 हजार यात्रियों को वायुयान के जरिए तीर्थ स्थल का भ्रमण करवाया जाएगा। जिन व्यक्तियों की आयु 1 अप्रैल, 2022 तक 60 वर्ष पूरी हो गई है या 1 अप्रैल 1962 से पहले जिनका जन्म हुआ है, वे व्यक्ति इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।

गौरतलब है कि वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना में शामिल होने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करवाना पड़ेगा। इसके अलावा आवेदक का जनाधार कार्ड भी बनवाना आवश्यक होगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!