प्रदेश के खिलाड़ियों के साथ राज्य सरकार – मुख्यमंत्री

– अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना मुख्य प्राथमिकता
जयपुर 01 अक्टूबर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान में खिलाड़ियों के लिए अच्छा माहौल तैयार करना, अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना और प्रोत्साहन देना हमारी मुख्य प्राथमिकता है। प्रदेश के हर जिले, उपखंड और ग्राम पंचायतों में खेलों के विकास के लिए संकल्पित राज्य सरकार द्वारा किसी भी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।
गहलोत शनिवार को हनुमानगढ़ जिले के जंक्शन स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल की जिला स्तरीय प्रतियोगिता के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण ओलंपिक के आयोजन का मकसद हर वर्ग की प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ राज्य में आपसी प्रेम, भाईचारा, सामाजिक सौहार्द्र का माहौल तैयार करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान विधानसभा सत्र के दौरान जब अलग-अलग पार्टी के विधायक, पत्रकार और अधिकारी एक साथ क्रिकेट मैच खेल सकते हैं तो गांव में भी विभिन्न विचारधारा से हटकर ऐसा माहौल तैयार होना चाहिए। इसी सोच के साथ ग्रामीण ओलंपिक की शुरूआत की गई। उन्होेंने कहा कि छोटे-छोटे देश खेलों में पदक जीत जाते हैं। इसलिए अब इन खेलों के जरिए राज्य की प्रतिभाओं की पहचान कर तराशने का कार्य किया जाएगा।
गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 229 खिलाड़ियों को आउट-ऑफ-टर्न नियुक्ति दी गई। सरकारी नौकरी में खिलाड़ियों को 2 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। साथ ही, ओलंपिक पदक विजेताओं की राशि में इजाफा करते हुए गोल्ड, सिल्वर, ब्रॉन्ज मेडलिस्ट के लिए क्रमशः 3, 2 और 1 करोड़ रूपए की पुरस्कार राशि दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हनुमानगढ़ जिले में विकास कार्यों में कोई कमी नहीं रखी गई है। मेडिकल, गर्ल्स, कृषि कॉलेज, एग्रो फूड पार्क खोले गए हैं। वहीं नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने के लिए हरियाणा एवं पंजाब सरकार से बातचीत भी की गई है।
गहलोत ने कहा कि घरेलू बिजली में 50 यूनिट तक अनुदान, ट्यूबवेल कनेक्शन में 1000 रूपए प्रतिमाह के अनुदान सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रदेशवासियों को संबल मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का फायदा हर एक परिवार को मिले, इसके लिए हर व्यक्ति को अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करना चाहिए। लोगों को योजना से जुड़वाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जल्द ही सरकार लगभग  1.33 करोड़ महिलाओं को निःशुल्क स्मार्ट फोन 3 साल की इंटरनेट सेवा के साथ उपलब्ध करवाने जा रही है।
समारोह में मुख्यमंत्री ने कबड्डी मैच की शुरूआत कराकर खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की, उनका मैच भी देखा। समारोह में आपदा प्रबंधन एवं जिला प्रभारी मंत्री श्री गोविंद राम मेघवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पहले कार्यकाल में अकाल के दौरान लोगों को अनाज उपलब्ध कराने, दूसरे कार्यकाल में निःशुल्क दवा योजना और तीसरे कार्यकाल में मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना की बड़ी सौगात दी है। साथ ही कोरोनाकाल में आवश्यक दवाईयांे तथा ऑक्सीजन की बेहतरीन व्यवस्था कर लाखों लोगों की जान बचाई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं से हर व्यक्ति लाभान्वित हो रहा है।
कृषि मंत्री लालचंद कटारिया ने कहा कि ग्रामीण ओलंपिक खेलों के जरिए प्रतिभाओं को तराशने का कार्य किया जा रहा है। शहरी ग्रामीण ओलंपिक खेल का आयोजन भी किया जाएगा। ओलंपिक तालिका में आगे बढ़ने के लिए राज्य सरकार ने यह अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि फसल बीमा को लेकर राज्य सरकार ने 400 करोड़ रूपये का शेयर हाल ही में जारी किया है। बकाया बीमा क्लेम भी जल्द मिलेंगे।
नोहर विधायक अमित चाचाण ने कहा कि नोहर में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए है। नहरी पानी की चोरी रोकने को लेकर राज्य में पहला थाना भी नोहर में खोला गया है। भादरा विधायक श्री बलवान पूनिया ने कहा कि खेलों के आयोजन से लोगों को फिट रहने का मौका मिला है।
समारोह में ओबीसी वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष पवन गोदारा, निशक्तजन आयुक्त उमाशंकर शर्मा, जिला प्रमुख श्रीमती कविता मेघवाल, नगर परिषद चेयरमैन  गणेश राज बंसल, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेन्द्र गोयल, पूर्व सांसद भरत राम मेघवाल, पूर्व विधायक सुरेश चौधरी, आईजी बीकानेर ओम प्रकाश, जिला कलक्टर नथमल डिडेल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण, खिलाड़ी और आमजन उपस्थित रहे।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!