नगरीय विकास मंत्री ने किया हैरिटेज सिटी के विशेष लोगो, पट्टे के प्रारूप, आवेदन पत्र, हैरिटेज रुप में तैयार पत्रावली का विमोचन 

जयपुर, 15 अक्टूबर। नगरीय विकास, स्वायत्त शासन एवं आवासन मंत्री श्री शांति धारीवाल द्वारा शनिवार को जयपुर विकास प्राधिकरण की प्रस्तावित हैरिटेज सिटी के विशेष लोगो, पट्टे के प्रारूप, आवेदन पत्र, हैरिटेज रुप में तैयार पत्रावली का विमोचन किया गया।
विमोचन कार्यक्रम में यूडीएच सलाहकार जीएस संधु, जयपुर विकास आयुक्त रवि जैन, जेडीए सचिव उज्ज्वल राठौड़, निदेशक आयोजना विनय दलेला, संयुक्त शासन सचिव मनीष गोयल एवं प्रमुख सलाहकर नगरीय विकास विभाग, राजस्थान एच एस संचेती उपस्थित रहे।
नगरीय विकास मंत्री श्री शांति धारीवाल ने कहा कि कि जयपुर के परकोटा नगर की तर्ज पर जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा आगरा रोड़ के दक्षिण में, रिंग रोड़़ के दोनों ओर ‘‘न्यू हैरिटेज सिटी’’ विकसित की जा रही है। न्यू जयपुर हैरिटेज सिटी का विकास जयपुर विकास प्राधिकरण एवं निजी विकासकर्ताओं द्वारा जयपुर शैली के एलिमेंट्स व नगर नियोजन पद्धति का समावेश करते हुए किया जावेगा।
जयपुर विकास आयुक्त रवि जैन ने बताया कि जयपुर मास्टर विकास योजना-2025 में इस विशिष्ट योजना का क्षेत्रफल 13 वर्ग कि.मी. प्रस्तावित है, जिसमें से आंशिक क्षेत्र ईकोलोजिकल व रिंग रोड़ के अन्तर्गत है। इस योजना की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी कर आम जनता की जानकारी हेतु समाचार पत्रों में भी विज्ञप्ति प्रकाशित की गई थी।
योजना में न्यूनतम एक पायोनियर प्रोजेक्ट जविप्रा द्वारा तथा न्यूनतम एक पायोनियर प्रोजेक्ट निजी विकासकर्ता द्वारा क्रियान्वित किया जायेगा।
इस योजना में सभी प्रकार की आधारभूत सुविधाओं व जन सेवाओं से संबंधित संरचनाओं का प्रावधान रखते हुए एकल (जविप्रा) व संयुक्त रूप (विकासकर्ता) से विकसित की जावेगी। इस योजना को मिश्रित भू-उपयोग को आधार मानकर मूर्त रूप दिया जावेगा।
धरातल पर पिंकसिटी, जयपुर का प्रतिरूप बनाने के परिपेक्ष्य में इस योजना में नौ चौकडी, नौ दरवाजे, चौड़ी सड़के, चौकड़ी पार्क के साथ आवासीय, वाणिज्यिक, संस्थागत, मिश्रित भू-उपयोग नियोजित रूप में विकसित कियें जावेगें, ताकि जयपुर की विशिष्टता को आधुनिक परिपेक्ष्य में विकसित किया जा सके। उन्होंने बताया कि योजना का प्रस्तावित क्षेत्रफल 6.20 वर्ग कि.मी. है। आगरा रोड़ के दक्षिण में रिंग रोड़ के दोनों तरफ लोकेशन रहेगी।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!