मेले की तैयारियां पूर्ण, 24 फरवरी तक होगा आयोजन
उदयपुर, 17 फरवरी। जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग द्वारा गाँधी ग्राउंड में सात दिवसीय अमृता हाट का शुभारंभ बुधवार को होगा। महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक संजय जोशी ने बताया कि आयोजन से संबंधित सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। यह भव्य मेला गांधी ग्राउंड में बुधवार से 24 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। मेले का उद्घाटन बुधवार अपराह्न 3.30 बजे जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं तथा आमजन की उपस्थिति मेंकिया जाएगा।
मेले में उदयपुर शहर के साथ साथ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों एवं आसपास के अन्य जिलों से भी महिला स्वयं सहायता समूह भाग ले रहे हैं। बाहर से आने वाले समूह अपने विशेष हस्तशिल्प पारंपरिक उत्पाद, हथकरघा वस्तुएं, हस्तनिर्मित आभूषण, सजावटी सामग्री, जैविक उत्पाद, मसाले, पापड़, बड़ी, अचार और विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाएंगे। उपनिदेशक ने बताया कि अमृता हाट मेला महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे महिलाओं को सीधे उपभोक्ताओं से जुड़ने का अवसर मिलेगाए जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी।
मेले में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकनृत्य एवं मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी जिससे आगंतुकों को खरीदारी के साथ-साथ सांस्कृतिक आनंद भी प्राप्त होगा। बच्चों के लिए विशेष आकर्षण एवं खानपान के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। प्रशासन द्वारा सुरक्षा, पार्किग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं स्वच्छता की व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। आयोजन को लेकर महिला स्वयं सहायता समूहों एवं आमजन में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। सात दिनों तक चलने वाला यह मेला शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।
