उदयपुर में पांच सौ से अधिक स्थानों पर होलिका दहन, जगदीश चौक से लेकर गणगौर घाट-हाथीपोल पार्क रहा रंगों से सराबोर

विदेशी पावणों ने किया होली महोत्सव में शिरकत, भारतीय रंगों में दिखे रंगे
उदयपुर, 26 मार्च (ब्यूरो)। यहां सिटी पैलेस, जगदीश चौक, सुभाष चौराहा, बड़ी होली चौराहा सहित शहर भर में करीब 500 से अधिक स्थानों पर होलिका  दहन उल्लास पूर्वक मनाया गया। जगदीश चौक और मल्लातलाई स्थित सुभाष चौराहे पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी खूब जमे। महाकाल मंदिर, श्रीनाथजी की हवेली और फतहसागर—यूडीए मार्ग स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर में भी होलिका दहन किया गया। धुलंडी पर जगदीश चौक से लेकर गणगौर घाट तथा हाथीपोल मार्ग पर रंग—बिरंगे हजारों चेहरे दिखे। विदेशी मेहमान भी इन्हीं रंगों में डूबे रहे। इस बीच कई जगह पारिवारिक और समाज स्तर पर ढूंढोत्सव पर्व मनाया गया। होलिका दहन के साथ ही महिलाओं ने दस दिवसीय दशा माता की पूजा शुरुआत हुई। शहर के श्रीनाथ मंदिर में होली महोत्सव के साथ फाग महोत्सव की समाप्ति हो गई। यहां झूले में विराजे ठाकुर श्रीनाथजी से भक्तों और वैष्णजनों ने रंग और गुलाल से होली खेली।

इधर, घासा में विवाद के चलते नहीं हो सका होली दहन
उदयपुर के घासा क्षेत्र के रख्यावल गांव में होली जलाने को लेकर विवाद हो गया। माहौल बिगड़ता देख पुलिस मौके पर पहुंची तथा समझाइश के बाद मामला शांत कराया। इसके चलते होलिका दहन नहीं हो पाया और लोग निराश घर लौट गए। दरअसल गांव में जहां होलिका दहन की जानी थी, वह जगह निजी खातेदारी की थी। जिसको लेकर उसने होलिका दहन से इंकार कर दिया। विवाद होने पर पुलिस—प्रशासन ने होलिका दहन अन्य स्थान पर कराने के लिए जोर दिया लेकिन ग्रामीण उसी जगह होलिका दहन पर अड़ गए थे। जिसके बाद ग्रामीणों ने चारभुजाजी मंदिर में बैठक की और होलिका दहन नहीं किए जाने का निर्णय लिया।
पुलिस वालों ने जमकर खेली होली, आईजी—कलेक्टर और एसपी को कंधों पर बैठाकर किया डांस
उदयपुर में धुलंडी पर्व के अगले दिन मंगलवार को पुलिस वालों ने जमकर होली खेली। पुलिस महानिरीक्षक अजयपाल लाम्बा, जिला कलेक्टर अरविंद पोसवाल और जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल को पुलिस कर्मियों ने आईजी, एसपी और कलेक्टर को अपने कंधों पर बैठाकर डांस किया। हाथों से उछाल कर होली खेली। इस दौरान सभी ने छोड़े—बड़े का भेदभाव मिटाकर जमकर रंग—गुलाल से होली खेली और एक—दूसरे को बधाई दी। पुलिस लाइन में एसपी योगेश गोयल के नेतृत्व में आयोजित पुलिस की होली में शामिल बधाई देने वालों में जिला कलेक्टर अरविंद पोसवाल भी थे।
सिटी पैलेस में शाही अंदाज में हुआ होलिका दहन
मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार ने रविवार को होलिका दहन महोत्सव परंपरानुसार सिटी पैलेस स्थित माणक चौक में भक्ति-भाव के साथ मनाया। पूर्व राजपरिवार के सदस्य डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने विधि-विधान और रीति-रिवाजों के साथ होलिका दहन की प्राचीन काल से चली आ रही परंपराओं का आस्था के साथ निर्वहन किया। डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ राजशाही परम्पराओं का निर्वहन करते हुए शाही लवाजमे के साथ सिटी पैलेस के माणक चौक में होलिका दहन महोत्सव के लिए पहुंचे, जहां वेदपाठी ब्राह्मणों के दल ने विशेष पूजा-अर्चना करवा कर होलिका दहन की परंपरा का निर्वहन करवाया। इस दौरान लक्ष्यराज सिंह की पत्नी निवृत्ति कुमारी मेवाड़, सुपुत्री मोहलक्षिका कुमारी मेवाड़, प्राणेश्वरी कुमारी मेवाड़ और सुपुत्र हरितराज सिंह मेवाड़ की विशेष मौजूदगी रही।

फतहनगर में धूमधाम से मना रंगोत्सव,शीतला सप्तमी पर सनवाड़ में होगी बादशाह की सवारी
फतहनगर। रंगों के पर्व होली के अवसर पर नगर समेत आस पास के ग्रामीण इलाकों में लोगों ने उल्लास एवं उमंग के साथ होली का दहन किया तथा रंगों के पर्व धुलैंण्डी का पूरा आनंद लिया। नगर के सरदार पटेल स्टेडियम में मुख्य होली का दहन विधि विधान के साथ किया गया। मध्य रात्रि 11.15 बजे द्वारिकाधीश मंदिर से नगरवासी ढोल ढमाकों के साथ स्टेडियम पहुंचे जहां पर होली का विधि विधान से पूजन किया तथा अग्नि प्रज्जवलित की। होली का यहां आतिशी दहन किया गया। इसी प्रकार नगर के अखाड़ा मंदिर परिसर में भी होली का दहन महन्त शिवशंकर दास के सानिध्य में किया गया। सनवाड़ समेत आस पास के गांवों में होली का दहन किया गया। रंगों के पर्व धुलैण्डी के अवसर पर लोगों ने खूब रंग खेला। सनवाड़ में शीतला सप्तमी के अवसर पर परम्परागत बादशाह की सवारी का आयोजन किया जाएगा।

सुभाष सर्कल पर 51 फ़ीट की होलिका का हुआ दहन : सुभाष नवयुवक मंडल के तत्वाधान में सुभाष चौराहे पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 51 फ़ीट की होलिका का दहन हुआ। होलिका दहन कार्यकम के मुख्य अतिथि असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया थे। राज्यसभा सांसद  चुन्नीलाल गरासिया, जिला उपाध्यक्ष अतुल चण्डालिया और सभी अतिथियों के द्वारा होलिका दहन विधि विधान से किया
गया। होलिका दहन से पहले सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। जिसमें ग्रामीण कलाकारों द्वारा गैर नृत्य और राजस्थानी नृत्य की प्रस्तुति हुई । होलिका दहन के बाद भव्य आतिशबाजी हुई।
कार्यक्रम में देहात जिला अध्यक्ष चंद्रगुप्त सिंह  चौहान,ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, समाज सेवी नितुल  चंड़ालिया भाजपा ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष बाबूलाल ओड,वार्ड पार्षद लोकेश कोठारी, शंकर चंदेल, धीरज ओड़ आदि गणमान्य लोग मौजूद थे।

 

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!