-सुभाष शर्मा
उदयपुर। जी—20 शेरपा की पहली बैठक उदयपुर में होने जा रही है। यह बैठक यहां के ऐतिहासिक दरबार हॉल में होगी। जो जी—20 शेरपा बैठक का गवाह ही नहीं बनेगा, अपितु इससे पहले उदयपुर—तत्कालीन मेवाड़ के संयुक्त राजस्थान में विलय का गवाह बना। इसी दरबार हॉल में मेवाड़ राज्य के भारत संघ में विलय के हस्ताक्षर हुए। तब देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू ने इसी दरबार हॉल में मेवाड़ के अंतिम शासक महाराणा भूपाल सिंह को महाराज प्रमुख की शपथ दिलाई थी।
मेवाड़ राजघराने के वंशज लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ बताते हैं कि सिटी पैलेस का दरबार हॉल इतिहास ही नहीं, बल्कि भविष्य की योजनाओं का बड़ा केंद्र हैं। 1909 में महाराणा फतेत सिंह के निमंत्रण पर जब भारत के तत्कालीन वायसराय एवं गवर्नर जनल लॉर्ड पिंटों जब उदयपुर पधारे तब 3 नवम्बर 1909 को लॉर्ड पिंटों ने पीछोला झील के पूर्वी तट पर दरबार हॉल की आधारशिला रखी थी। एक शताब्दी के दौरान यह कई अहम बैठकों का गवाह बना। वह बताते हैं कि भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंड़ित जवाहरलाल नेहरू की उदयपुर यात्रा का गवाह रहा। 28 अप्रेल 1948 को उदयपुर एवं मेवाड़ राज्य के संयुक्त राजस्थान में विलय तथा मेवाड़ राज्य के भारत संघ में विलय का गवाह रहा। यहीं मेवाड़ के तत्कालीन महाराणा भूपाल सिंह ने राजपूताना के महाराज प्रमुख की शपथ ली थी।
इसके बाद जब देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री और गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल उदयपुर आए तब इसी दरबार हॉल में 14 जनवरी 1949 को संयुक्त राजस्थान के पुनर्गठन की नींव रखी गई। 1962 में अमेरिका राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी की पत्नी जैकलीन कैनेडी भी दरबार हॉल आयोजित इंटरनेशनल बैठक में भाग ले चुकी है। परमाणु विकास को लेकर दरबार हॉल में कई कान्फ्रेंस हो चुकी है, जिसमें डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम भाग ले चुके हैं।
अब जी—20 शेरपा बैठक में जी—20 समूह के अर्जेंटिना, आष्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाड़ा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मेक्सिको, रूस, सउदी अरब, दक्षिणी अफ्रिका, तुर्की, यूएसए और युरोपिय संघ के प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिसकी अध्यक्षता भारत करेगा। इसके अलावा इसमें बांग्लादेश, इजिप्ट, मॉरिशस, नीदरलैंड, नाइजीरिया, ओमान, सिंगापुर, स्पेशन, संयुक्त अरब अमीरात के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।
जी—20 शेरपा के अतिथि ख्यातनाम लोगों से मिलेंगे
संभागीय आयुक्त राजेन्द्र भट्ट ने बताया कि लीला पैलेस में रविवार शाम डिनर से पहले विभिन्न देशों से आने वाले शेरपा प्रबुद्धजनों से सस्टेनेबल डेवलपमेंट से लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे। इस दौरान वे विभिन्न क्षेत्रों में ख्याति अर्जित कर चुके व्यक्ति जैसे कलाकार, संगीतकार, शिक्षाविद, पर्यावरणविद, चित्रकारों आदि से रूबरू होंगे और उनसे सस्टेनेबल डेवलपमेंट पर चर्चा करेंगे।
यह रहेगा पैनल डिस्कशन कार्यक्रम
प्राप्त कार्यक्रम अनुसार सर्वप्रथम सायं 5 बजे भारत के जी-20 शेरपा अमिताभ कांत द्वारा स्वागत उद्बोधन दिया जाएगा। 5:05 बजे स्पेशल एड्रेस (तीन मिनट का प्री-रिकॉर्डेड संदेश) प्रसारित होगा। इसमें यूएनसीटीएडी महासचिव एवं अर्जेंटीना की पूर्व विदेश मंत्री का संदेश प्रसारित होगा। शाम 5:15 बजे से पैनल डिस्कशन शुरू होगा जो 6:25 बजे तक चलेगा। इस दौरान पूर्व यूएन सहायक महासचिव लक्ष्मी पूरी, इकोनॉमिक एड्वाइज़री काउंसिल सदस्य संजीव सानयाल, सीईओ सीईईडब्ल्यू अनुराभा घोष, इकोनॉमिक पॉलिसी वाइस प्रेसीडेंट शमिका रवि एवं यूएन रेज़िडन्ट कॉर्डिनेटर क्षोमबी शार्प द्वारा प्रबुद्धजनों से चर्चा की जाएगी। मुख्य रूप से सतत विकास लक्ष्य एवं ससटेनेबाल डेवेलपमेंट पर फोकस रहेगा। क्लॉज़िंग रिमार्क क्षोमबी शार्प यूएन रेज़िडन्ट कॉर्डिनेटर द्वारा दिया जाएगा।
