लोकसभा आम चुनाव – 2024
कुल 8 प्रत्याशियों ने भरे 15 पर्चे, नामांकनों की संवीक्षा आज
उदयपुर, 4 अप्रैल। लोकसभा आम चुनाव- 2024 के दूसरे चरण की नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन गुरुवार को उदयपुर संसदीय क्षेत्र के लिए तीन प्रत्याशियों ने 4 नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए। इसके साथ ही उदयपुर में कुल 8 प्रत्याशियों की ओर से 15 आवेदन प्रस्तुत किए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी अरविन्द पोसवाल ने बताया कि उदयपुर संसदीय क्षेत्र के लिए गुरूवार को गमेती फला बुडेल निवासी प्रकाशचंद्र पुत्र बाबरिया ने भारत आदिवासी पार्टी के प्रत्याशी के तौर पर दो नाम निर्देशन पत्र पेश किए। इसी प्रकार सिरोही जिले की पिण्डवाड़ा तहसील के गांव मलाप निवासी दलपतराम गरासिया पुत्र धन्नाराम ने बहुजन समाज पार्टी प्रत्याशी के रूप में तथा पाणीदर भरड़ा तहसील ऋषभदेव निवासी कानजीलाल डामोर पुत्र नवलराम डामोर ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया है।
पोसवाल ने बताया कि नाम-निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 5 अप्रैल को की जाएगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि 8 अप्रैल रहेगी। उल्लेखनीय है कि उदयपुर संसदीय क्षेत्र से कुल 8 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है। इसमें भाजपा से मन्नालाल रावत ने चार, कांग्रेस से ताराचंद मीणा ने चार, भारत आदिवासी पार्टी से प्रकाश चंद्र ने दो, बहुजन समाज पार्टी से दलपतराम गरासिया, इंडियन पीपुल्स ग्रीन पार्टी से राजेंद्र कुमार मीणा ने एक-एक नामांकन पत्र दाखिल किया है। वहीं निर्दलीय डॉ सविता कुमारी अहारी, प्रभुलाल मीणा एवं कानजीलाल डामोर ने भी एक-एक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किया है।
सावधान! महंगा पड़ सकता है भ्रामक सूचना पोस्ट या वायरल करना
सोशल मीडिया पर पुलिस व प्रशासन की पैनी नजर
होगी सख्त कार्रवाई
उदयपुर, 4 अप्रैल। लोकसभा आम चुनाव- 2024 को लेकर चुनावी रंगत जमने लगी है। नामांकन के साथ ही प्रत्याशियों ने फील्ड में मेहनत भी तेज कर दी है। मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया हैंडल्स का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर तथ्यहीन और भ्रामक सूचनाएं तथा समाज में नफरत फैलाने वाले वक्तव्यों पर नकेल कसने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पुलिस और प्रशासन की ओर से सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अवांछित सामग्री पोस्ट या वायरल करना महंगा पड़ सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल ने बताया कि सोशल मीडिया पर पुलिस की ओर से अभय कमाण्ड सेंटर के माध्यम से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा सोशल मीडिया सेल जरिए सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग तथा मीडिया सेल के माध्यम से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग भी इसकी निगरानी कर रहा है। इसमें प्रत्याशियों और राजनैतिक दलों के साथ ही अन्य सोशल मीडिया हैंडल्स पर भी पूरी नजर रखी जा रही है। अभय कमाण्ड सेंटर प्रभारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखमनराय राठौड़ ने बताया कि सेंटर पर तीन पारियों में 24 घंटे साइबर एक्सपर्ट टीम तैनात है। यह टीम सभी सोशल मीडिया हैंडल्स की पोस्ट पर सतत नजर रख रही है। इसके अलावा वाट्सएप ग्रुप्स की भी निगरानी की जा रही है। किसी भी तरह की आपत्तिजनक सामग्री पाए जाने पर संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट को ब्लाक करा दिया जाएगा। साथ ही संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन और भारतीय दण्ड संहिता के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
राठौड़ ने बताया कि किसी भी तरह की आपत्तिजनक सामग्री संज्ञान में आने पर आमजन पुलिस के हैल्पलाइन नंबर 7073100100 पर वाट्सएप अथवा कॉल के माध्यम से सूचना दे सकते हैं। शिकायतकर्ता का नाम-पता पूर्ण रूप से गोपनीय रखा जाएगा।
