शिक्षक स्कूलों की बजाय कई सालों से प्रतिनियुक्ति पर

ग्रामीण क्षेत्र के स्कूली बच्चों की पढ़ाई हो रही प्रभावित
उदयपुर। स्कूली शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के प्रतिनियुक्ति आदेश रद्द किए जाने के बावजूद स्कूली शिक्षा के कई शिक्षक, लिपिक एवं अन्य कर्मचारी कई सालों से प्रतिनियुक्ति पर चल रहे हैं। इनमें से कई तो ऐसे हैं, जिन्हें दस साल से अधिक हो गए हैं। उदयपुर के वरिष्ठ नागरिक शंतिलाल मेहता ने प्रतिनियुक्त कर्मचारियों की आंशिंक सूची भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
बच्चों की परीक्षा सिर पर, स्कूलों में नहीं है शिक्षक
मेहता ने बताया कि इन दिनों स्कूलों में बच्चों की परीक्षा चल रही है, इसके बावजूद विभाग ने प्रतिनियुक्त शिक्षकों और कर्मचारियों को वापस नहीं बुलाया। उन्होंने बताया कि प्रतिनियुक्त शिक्षकों में कुछ ऐसे हैं जो कुछ दिनों में ही दोबारा प्रतिनियुक्ति आदेश करा लाए। ग्रामीण क्षेत्र में तैनात कर्मचारियों की संख्या इनमें ज्यादा है, जिनकी जरूरत स्कूलों में ज्यादा है।
नौ साल से लगातार प्रतिनियुक्त राजेंद्र सिंह
मेहता ने आरटीआई से प्राप्त जानकारी से बताय कि मावली ब्लॉक के भीमल स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय के शारीरिक शिक्षक राजेंद्र सिंह राठौड़ नौ साल से लगातार प्रतिनियुक्ति पर जिला निर्वाचन कार्यालय में चले आ रहे हैं। उनकी पहली प्रतिनियुक्ति आठ जुलाई 2015 में हुई थी। वह अभी भी जिला निर्वाचन कार्यालय में प्रतिनियुक्ति पर चल रहे हैं। इस बीच उन्हें कुछ दिनों के लिए स्कूल भेजा गया था।
खुर्शीद बोहरा 2016 से प्रतिनियुक्त
राजकीय उच्च माध्यमिक बाटी—बडगांव के शिक्षक खुर्शीद हुसैन बोहरा भी निर्वाचन कार्यालय उदयपुर में 27 जुलाई 2016 से प्रतिनियुक्ति पर हैं। उन्हें तीन बार कुछ दिनों के लिए स्कूल भेजा गया था और वापस प्रतिनियुक्त पर भेज दिया गया। इसीतरह महात्मा गांधी विद्यालय गोगुंदा के वरिष्ठ सहायक महेंद्र सिंह कुम्भावत को पांच साल तक कभी  निर्वाचन कार्यालय उदयपुर तो कभी सीडीईओ कार्यालय और आपदा प्रबंधन कार्यालय में प्रतिनियुक्ति पर लगा दिया गया।
ग्रामीण बच्चों की पढ़ाई चौपट और जमे बैठे उदयपुर में
आरटीआई से मिली जानकारी के अनुसार ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों के कई शिक्षक शहर में प्रतिनियुक्ति पर दूसरे विभागों में लगा रखे हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की पढ़ाई चौपट हो रही है। ऐसे शिक्षकों में नया खेड़ा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक देवेन्द्र कुमार जोशी शामिल हैं, जो 26 जून से लगातार जिला कलेक्ट्रेट में प्रतिनियुक्त हैं। इसी तरह इसी स्कूल के अविनाश भट्ट एक मार्च 2014 से जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के विधानसभा कंट्रोल रूम में महेंद्र सिंह चुण्डावत 14 जनवरी 22 से संयुक्त निदेशक शिक्षा उदयपुर कार्यालय में, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुखेर के शिक्षक हितेश जारोली 21 जुलाई 19 से, वल्लभनगर तहसील के गोटीपा स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय के शारीरिक शिक्षक शंकर सिंह ख्ररबड़ और शिक्षिका दुर्गा माली जनवरी 2021 से लगातार शहरी क्षेत्र के प्रतापनगर स्थित स्कूल में प्रतिनियुक्ति पर हैं। यह तो महज बानगी है, ऐसे की कई दर्जन स्कूली शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी दूसरे विभागों में प्रतिनियुक्ति पर चल रहे हैं। मेहता ने इस मामले में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को सूची भेजकर आग्रह किया है कि इन सभी शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति तुरंत प्रभाव से रद्द कर उन्हें मूल विभाग में भेजा जाए ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं हो।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!