चावंड। कस्बे में शरद पूर्णिमा महोत्सव-2026 के अवसर पर आज, शनिवार 24 अक्टूबर को नारसिंह माता मंदिर के सामने बंडोली रोड स्थित देवड़ा कृषि फार्म हाउस पर भव्य गरबा रास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम रात्रि 8 बजे से माता रानी की इच्छा तक चलेगा।
नारसिंह माता भक्त मंडल चावंड एवं समस्त ग्रामवासियों के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद के रूप में खिचड़ी की व्यवस्था की गई है।
महोत्सव के दौरान गरबा रास आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा। गरबा नृत्य में महिला एवं पुरुष वर्ग में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पारितोषिक देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही महिला एवं पुरुष वर्ग में पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता भी आयोजित होगी, जिसमें प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
मंदिर के भोपाजी नारायण लाल तेली, पंकज तेली एवं पुजारी कालूलाल तेली ने श्रद्धालुओं से महोत्सव में भाग लेकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीणों में आपसी प्रेम, भाईचारे और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करना है।
आयोजकों ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं एवं ग्रामवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने की अपील की है।
