खेरवाड़ा, ग्राम बायडी स्थित प्राचीन मां खड़क्वा धाम में शारदीय नवरात्रि महोत्सव का समापन मंगलवार शाम को जवारा विसर्जन के साथ श्रद्धा एवं भक्तिभाव से संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल रहा और माता रानी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
आचार्य प्रभाशंकर त्रिवेदी के तत्वावधान में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। जवारा धारण कर पहुंचे बालक-बालिकाओं सहित श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मां के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त की।
नवरात्रि के नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना के पश्चात पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार जवारा विसर्जन की रस्म निभाई गई। श्रद्धालुओं ने माता रानी से क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। उक्त जानकारी युवा मंडल के मुकेश पटेल ने दी।
