चोरी की नीयत से घर में घुसे बदमाशों ने पिता पुत्र पर चाकू से कर दिया था जानलेवा हमला
* ऑनलाइन गेम लूडो में 10 लाख रुपए हार जाने पर हिस्ट्रीशीटर और उसका साथी चोरी की नीयत से घुसे थे घर में
* जाग हो जाने पर चाकूओं से ताबड़तोड़ हमला कर हो गए फरार, दोनों आरोपी गिरफ्तार
जयपुर 25 मार्च। बारां जिले के थाना अन्ता क्षेत्र के भोज्या खेड़ी गांव मे सोमवार देर रात चोरी की नीयत से घर में घुस पिता पुत्र पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने खाना गुमानपुरा जिला कोटा की हिस्ट्रीशीटर आदिल उर्फ मोटा पुत्र अब्दुल हकीम (26) निवासी भोज्या खेड़ी थाना अन्ता हाल कोटडी थाना गुमानपुरा कोटा हाल बोहरा गली थाना कोतवाली बूंदी और उसके साथी आशिक अली पुत्र अब्दुल हबीब (32) निवासी भोज्याखेड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। ऑनलाइन गेम लूडो में 10 लाख रुपए हार जाने पर हिस्ट्रीशीटर और उसका साथी चोरी की नीयत से घर में घुसे थे, जाग हो जाने पर चाकूओं से ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गये।
बारां एसपी राजकुमार चौधरी ने बताया कि सोमवार को भौज्याखेडी गांव में रा़त करीब 1.30-02.00 बजे 02 व्यक्ति चोरी के नियत से मुंह पर साफी बाध कर फरियादी रामेश्वर मालव (60) के मकान में पीछे से घुस गये थे। दोनो चोरी कर रहे थे तभी रामेश्वर मालव जग गया व उनको पकडने लगा तो दोनो व्यक्तियों ने चाकुओ से ताबडतोड हमला कर दिया, बीच बचाव में उसका पुत्र नवल आया तो उसके उपर भी चाकुओ से हमला कर दिया। बीचबचाव में दोनो व्यक्तियों में से एक आदिल की साफी खुल गई तो उसको रामेश्वर मालव ने पहचान लिया।
दोनो व्यक्ति घटना के बाद फरार हो गये। उक्त घटना क्रम पर पीडित रामेश्वर व उसके पुत्र नवल को परिवारजनो द्वारा ईलाज के लिए अन्ता अस्पताल ले जाया गया, जहां पर पीडित रामेश्वर से रिपोर्ट प्राप्त कर घटना के संबन्ध में थाना अन्ता पर प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी चौधरी व एएसपी राजेश चौधरी घटना स्थल पहुॅचे। घटना की गम्भीरता को देखते हुए सीओ सोजी लाल मीणा के निर्देशन एवं एसएचओ दिग्विजय सिह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पीडित द्वारा पहचान किये गये एक आरोपी आदिल जो कहीं भागने की फिराक में था, को तुरन्त डिटेन किया। आदिल से अपने दुसरे साथी का नाम आशिक बताया। जिसे भी टीम ने तुरन्त डिटेन कर पुछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुछताछ में दोनों बदमाशो ने बताया की मोबाईल में लूडो खेलते थे, जिसमे पिछले 5-6 महीनों में वो करीब 8-10 लाख रूपये हार गये थे। कर्जा उतारने के लिए पडोस में रहने वाले रामेश्वर मालव के यहां पर चौरी करने की योजना बना रात को मुहं पर साफी बांध गये थे। जाग हो जाने पर चाकू से रामेश्वर पर 10-12 बार हमला किया।बेटा नवल आया तो उसके उपर भी चाकुओ से हमला कर भाग गये। हम दोनो कोटा भागने की फिराक में थे।
एसपी चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश आदिल उर्फ मोटा कोटा के गुमानपुरा थाने का हिस्ट्रीशीटर है, इसके विरूद्व जिला कोटा व बून्दी के कई थानो में लूट, डकेती, जानलेवा हमला, अवैध हथियारों के 16 प्रकरण दर्ज है। अभी मुल्जिम कोटा के कई थानों के वारन्टो में फरार चल रहा है। इसके साथी आशिक के विरूद्व 01 प्रकरण दर्ज है। मुल्जिम आदिल उर्फ मोटा ने कोटा, बारा, बून्दी जिलो के कई स्थानो के निवास के आधार कार्ड बनाये हुये है। गिरफ्तार मुल्जिमानों से गहनता से अनुसंधान जारी है।
आरोपियों की गिरफ्तारी में कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह व हरवीर सिंह की विशेष भूमिका रही। टीम में हेड कांस्टेबल कैलाश चंद, कांस्टेबल मुरारी लाल, शिवरतन व विक्रांत भी शामिल थे।
