ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने मध्य रात्रि कों किया आकस्मिक निरीक्षण

एफएसटी दलों को आचार संहिता पालन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

उदयपुर, 17 मार्च। लोकसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता लागू होते ही जिला निर्वाचन अधिकारी व ज़िला कलेक्टर  अरविंद पोसवाल शनिवार मध्य रात्रि को आकस्मिक निरीक्षण पर निकले। इस दौरान उन्होंने विभिन्न एफ एस टी टीम की कार्यवाही का निरीक्षण किया।
पोसवाल विधानसभा क्षेत्र मावली पहुंचे जहां डबोक चौराहे पर तैनात एफ एस टी टीम का किया निरीक्षण किया। आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से ही एफ एस टी दलों की तैनाती कर दी गई हैं और उन्होंने कार्य प्रारंभ कर दिया है। ये टीम क्षेत्र भ्रमण कर यह पता लगा रही हैं कि  कहीं पर आदर्श अचार संहिता का उल्लंघन तो नहीं हो रहा है। साथ ही वाहनों की चेकिंग एवं उनके गंतव्य का रिकॉर्ड संधारण किया जा रहा है। आयोग के निर्देशानुसार पूरी कार्यवाही की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जा रही है। जिला कलक्टर ने एफ एस टीम सदस्यों को जरूरी निर्देश देते हुए कहा कि वे थोड़ी थोड़ी देर में जगह बदलते रहे और कम से कम 50 वाहनों की जांच अवश्य करें। कलक्टर ने निर्देश दिए कि एफ एस टी टीम यह सुनिश्चित करें कि आदर्श आचार संहिता का कोई उल्लंघन नहीं करें। दल प्रभारी इसका विशेष ध्यान रखें और अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें। दल द्वारा की गई कार्यवाही की सूचना निर्धारित प्रपत्र में समय पर प्रेषित करने के निर्देश भी उन्होंने दिए। आदर्श आचार संहिता प्रकोष्ठ प्रभारी जितेंद्र ओझा, मावली उपखंड मजिस्ट्रेट मनसुख राम डामोर तथा तहसीलदार डॉ. रमेश चंद्र बढेरा, निजी सहायक माखनलाल मीणा इस दौरान साथ रहे।

लोकसभा आम चुनाव, 2024
पेट्रोलियम विक्रेताओं को पेट्रोल, डीजल और ऑयल आरक्षित रखने के निर्देश

उदयपुर, 17 मार्च। लोकसभा आम चुनाव, 2024 के तहत मतदान दलों, सरकारी, अर्द्ध सरकारी तथा अधिग्रहित निजी वाहनों को पेट्रोल, डीजल व लुब्रिकेंट आयल उपलब्ध करवाए जाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अरविंद पोसवाल ने एक आदेश जारी कर जिले के 236 पेट्रोल पंप संचालकों को पेट्रोल, डीजल और ऑयल का रिजर्व स्टॉक रखने के निर्देश दिए हैं।
जारी आदेश में उन्होंने पेट्रोलियम विक्रेताओं को निर्देश दिये हैं कि वे चुनाव कार्य समाप्ति तक 5 हजार लीटर डीजल, 2 हजार लीटर पेट्रोल और 200 लीटर ऑयल आरक्षित रखें। यह मात्रा डेड स्टॉक के अतिरिक्त होगी। उन्होंने चेतावनी दी है कि जांच दौरान आरक्षित मात्रा में कमी होने पर अगली सप्लाई से उसकी पूर्ति की जायेगी।
उन्होंने बताया कि इन पेट्रोल पंप डीलर्स को चुनाव कार्य हेतु सक्षम अधिकारी द्वारा जारी कूपनों के आधार पर न्यूनतम दर मात्रा वाला एच.एस.डी.(हाई स्पीड डीजल/एम.एस.यू.एल.पी सीसा रहित पेट्रोल) एवं ऑयल देंगे तथा कूपनों के अनुसार उपलब्ध कराई गई मात्रा की राशि का भुगतान चुनाव समाप्ति के तुरन्त पश्चात इसकी बिक्री के लेखे पी.ओ.एल. प्रकोष्ठ जिला निर्वाचन कार्यालय उदयपुर को 7 दिन में प्रस्तुत कर भुगतान प्राप्त करें।चुनाव नियंत्रण कक्ष प्रारंभ
उदयपुर, 17 मार्च। लोकसभा चुनाव में सूचनाओं के आदान-प्रदान और आमजन की चुनाव सम्बंधित समस्याओं के निराकरण के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग अधिकारी (कलक्टर) अरविंद पोसवाल ने बताया कि कलेक्ट्रेट में संचालित इस नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नम्बर 0294-2947432 है। यह निर्वाचन अवधि में 24 घण्टे संचालित रहेगा। नियंत्रण कक्ष के प्रभारी अधिकारी सुधांशु सिंह तथा सहायक प्रभारी अधिकारी डीओआईटी की संयुक्त निदेशक सुश्री शीतल अग्रवाल एवं  प्रशासनिक अधिकारी रवि द्विवेदी रहेंगे।  इस नियंत्रण कक्ष में लोकसभा चुनाव-2024 संबंधित सामान्य पूछताछ व विविध शिकायतें दर्ज करवायी जा सकेंगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!