एस.एस. कंप्यूटर एकेडमी में नि:शुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण बैच का शुभारंभ

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

47 महिलाओं एवं बालिकाओं को मिलेगा RS-CIT और अकाउंट्स का प्रशिक्षण

फतेहनगर। एस.एस. कंप्यूटर एकेडमी, फतेहनगर में राज्य सरकार एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की योजना के तहत चयनित महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए नि:शुल्क RS-CIT एवं RSCFA (अकाउंट्स) प्रशिक्षण के नए बैच का शुभारंभ हुआ। योजना के तहत 38 महिलाओं का चयन RS-CIT तथा 9 महिलाओं का चयन RSCFA कोर्स के लिए किया गया है।

कार्यक्रम का शुभारंभ पार्षद श्रीमती सीमा सोनी एवं भाजपा एससी मोर्चा उदयपुर देहात जिला अध्यक्ष मुकेश खटीक ने किया। अतिथियों ने चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने और कंप्यूटर शिक्षा के माध्यम से अपने कौशल को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

तीन माह का होगा प्रशिक्षण- संस्था के निदेशक सुनील कोठारी एवं निदेशिका सुनीता विजयवर्गीय ने बताया कि प्रशिक्षण पाठ्यक्रम तीन माह का होगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए न्यूनतम 65 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों को कंप्यूटर संचालन, अकाउंट्स एवं ऑफिस मैनेजमेंट से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी, जिससे उन्हें रोजगार के अवसर प्राप्त करने में मदद मिलेगी। संस्थान की ओर से प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को नौकरी दिलाने में भी सहयोग किया जाएगा।

थ्योरी के साथ प्रैक्टिकल पर रहेगा जोर -संस्थान की फैकल्टी मुन्ना उपाध्याय ने बताया कि प्रशिक्षण कक्षाएं सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तथा दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक संचालित होंगी। निदेशक सुनील कोठारी ने कहा कि प्रशिक्षण में सैद्धांतिक ज्ञान के साथ प्रायोगिक अभ्यास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त समय देकर भी अभ्यर्थियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।

महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल -कार्यक्रम में मुकेश खटीक ने कहा कि एस.एस. कंप्यूटर एकेडमी वर्ष 2006 से कंप्यूटर शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने चयनित महिलाओं एवं बालिकाओं को मेहनत और लगन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर उज्ज्वल भविष्य बनाने की शुभकामनाएं दीं।

वहीं, पार्षद सीमा सोनी ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और समाज में समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार की ओर से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। महिलाओं एवं बालिकाओं को इन योजनाओं का लाभ उठाकर शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!