एशिया पैसिफिक लैक्रोज ओलंपिक क्वालीफायर के लिए राजस्थान के खिलाड़ी आगरा रवाना

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने दी शुभकामनाएं

उदयपुर, 25 सितम्बर। ऑस्ट्रेलिया के सनशाइन कोस्ट में 5 से 10 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली एशिया पैसिफिक लैक्रोज ओलंपिक क्वालीफायर प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले राजस्थान के खिलाड़ियों का दल आगामी उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के लिए आगरा रवाना हुआ। प्रतियोगिता की तैयारियों के तहत खिलाड़ियों के लिए आगरा में हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग कैंप आयोजित किया जा रहा है। खिलाड़ी यहां 3 अक्टूबर तक विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में तकनीकी, शारीरिक एवं रणनीतिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। इसके बाद भारतीय दल ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना होगा।

इस अवसर पर लोकसभा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने राजस्थान के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से स्थानीय जनजातीय क्षेत्र से उभरकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले खिलाड़ियों की उपलब्धियों को प्रेरणादायक बताया। सांसद डॉ. रावत ने कहा कि जनजातीय क्षेत्र के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और जीवटता के बल पर खेल के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां न केवल उदयपुर और राजस्थान, बल्कि देश के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

एशिया पैसिफिक क्वालीफायर में राजस्थान से सुनीता मीणा, यशिष्ठा बत्रा, डाली गमेती, यशोदा गमेती, मीरा दौजा, जुला कुमारी गुर्जर, रोशनी बोस, जानवी राठौड़, मोहनलाल गमेती, खुमाराम गमेती, नारायण लाल गमेती एवं निशांत नागदा सहित खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। राजस्थान के इन खिलाड़ियों ने अपनी चयन यात्रा और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों में सहयोग एवं प्रोत्साहन के लिए राज्यपाल, राजस्थान सरकार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, राजस्थान माइन्स एंड मिनरल्स लिमिटेड (आरएसएमएमएल) तथा उदयपुर प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!