आठवां सशस्त्र सेना भूतपूर्व सैनिक (वेटरन्स) दिवस मनाया

पूर्व सैनिकों व वीरांगनाओं को किया सम्मानित
उदयपुर, 15 जनवरी। जिला प्रशासन, जिला सैनिक कल्याण कार्यालय व इन्फेन्ट्री ब्रिगेड स्टेशन हेड क्वाटर्स उदयपुर के तत्वावधान में एकलिंग गढ़ छावनी स्थित युद्ध शहीद स्मारक पर भारतीय सशस्त्र सेना भूतपूर्व सैनिक दिवस मनाया गया। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल कमलेन्द्र सिंह भाटी ने बताया कि केन्द्र व राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी, वीरांगनायें, पदक धारक, वीर माताएं तथा उनके आश्रितों सहित करीब 250 पूर्व सैनिक सम्मिलित हुए। खेरवाड़ा-ऋषभदेव के पूर्व सैनिकों के आने-जाने के लिये सेना द्वारा बस उपलब्ध कराई गई ।
प्रारंभ में ले.जनरल एन के सिंह एवं 30 इन्फैंट्री ब्रिगेड कमांडर ब्रिगेडियर विशाल नायर सहित सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों, वीर नारियों, वीर माताओं व पूर्व सैनिकों ने युद्ध शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर पुष्पांजलि दी। सरकार के निर्देशानुसार समारोह में 4 वीरांगनाओं व वीरमाताओं, 10 पदक धारक पूर्व सैनिकों, 12 वयोवृद्ध पूर्व सैनिकों स्मृति चिन्ह व शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि भारतीय सशस्त्र सेना के पहले भारतीय कमांडर इन चीफ, फील्ड मार्शल के.एम.करिअप्पा के अभूतपूर्व योगदान एवं सेवाओं के प्रति सम्मान देने के लिये प्रतिवर्ष 14 जनवरी को भारतीय सशस्त्र सेना भूतपूर्व सैनिक दिवस मनाया जाता है।

जिला स्तरीय जनसुनवाई 18 को
उदयपुर, 15 जनवरी।  जिला स्तरीय जनसुनवाई 18 जनवरी की सुबह 11 से 2 बजे तक जिला कलक्टर अरविंद पोसवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित राजस्थान संपर्क आईटी केंद्र में आयोजित होगी। जनसुनवाई में जिले के समस्त विभागीय अधिकारियों को तय समयावधि में राजस्थान सम्पर्क पोर्टल व सीएम हेल्पलाइन 181 पर अपने विभाग से संबंधित परिवादों की प्रगति के साथ जनसुनवाई में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
–000–

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!