उदयपुर, 11 नवंबर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष चंचल मिश्रा के निर्देशन में उदयपुर जिले में शनिवार 12 नवंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। उदयपुर मुख्यालय के साथ समस्त तहसीलों पर स्थित न्यायालयों पर भी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
एडीजे एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव कुलदीप शर्मा बताया कि आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु तैयारियां की जाकर उदयपुर मुख्यालय एवं समस्त तहसीलों पर बैचों का गठन किया जा चुका है।
अधिकाधिक राजीनामा योग्य प्रकरणों का होगा निस्तारण
राष्ट्रीय लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन प्रकरण व न्यायालय में लंबित प्रकरणों के तहत विभिन्न प्रकरणों का निस्तारण कर परिवादियों को राहत प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि विगत कई माह से तैयारियां की जाकर वीसी एवं अन्य माध्यमों से न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारीगण को निर्देश प्रदान किये गये कि अधिकाधिक राजीनामा योग्य प्रकरणों को राष्ट्रीय लोक अदालत में रखते हुए उनका निस्तारण किया जाए।
नुक्कड़ नाटक में किया जागरूक
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में अध्यक्ष चंचल मिश्रा अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उदयपुर की गरिमामय उपस्थिति में न्यायालय परिसर में नुक्कड नाटक आयोजित किया गया। एडीजे एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुलदीप शर्मा ने बताया कि पक्षकारों एवं अधिवक्ताओं को जागरूक करने हेतु माणिक्य लाल वर्मा श्रमजीवि विधि महाविद्यालय के विधि छात्रों ने न्यायालय परिसर उदयपुर में नुक्कड नाटक किया। इस अवसर पर बार एसोसिएशन उदयपुर के पदाधिकारी, अधिवक्ता, पक्षकार एवं न्यायिक कर्मचारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय लोक अदालत आज
