बैठक तैयारियों के लिए वित्त मंत्रालय का दल आज उदयपुर में
उदयपुर, 9 फरवरी। उदयपुर में आगामी मार्च माह में प्रस्तावित जी-20 की द्वितीय बैठक की तैयारियों के लिए भारत सरकार के वित्त मंत्रालय का दल 10 फरवरी को सुबह 9 बजे वायुयान से उदयपुर आएगा। जिला कलक्टर ताराचंद मीणा ने दल के समन्वय एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबंधित अधिकारियों को दायित्व सौंपे है।
आज होगी बैठक:
जी-20 की द्वितीय बैठक की तैयारियों के लिए वित्त मत्रालय से आने वाले अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक 10 फरवरी को दोपहर 2.30 बजे संभागीय आयुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित होगी। यह जानकारी अतिरिक्त संभागीय आयुक्त श्रीमती अंजलि राजौरिया ने दी।
जन चेतना कार्यक्रम 19 को
उदयपुर, 9 फरवरी। राजस्थान अनुसूचित जाति जनजाति वित एवं विकास निगम की योजनाओं पर जन चेतना कार्यक्रम 19 फरवरी को सुबह 11 बजे जिला परिषद सभागार में जिला कलक्टर ताराचंद मीणा की अध्यक्षता में आयोजित होगा।
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक शैलेन्द्र शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में डॉ भीमराव अम्बेडकर राजस्थान दलित, आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना 2022 के क्रियान्वयन पर चर्चा एवं जानकारी प्रदान की जाएगी। यह योजना अनुसूचित जाति व जनजाति के जीवन स्तर में वृद्धि करने के उद्देश्य से राज्य के गैर-कृषि क्षेत्रों यथा- विनिर्माण, सेवा एवं व्यापार के लिए लागू की गई है। इस योजना के माध्यम से लक्षित वर्गों को उद्योग, सेवा एवं व्यापारिक गतिविधियों से सम्बन्धित परियोजना की स्थापना, विस्तार, विविधीकरण, आधुनिकीकरण हेतु विभिन्न प्रकार की सहायता एवं सुविधाएं प्रदान कर ऋण उपलब्ध करवाना है।
