जल जीवन मिशन की प्रभावी मॉनिटरिंग करें, सभी कार्य त्वरित गति से पूर्ण हो -कलेक्टर

जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की मासिक बैठक
उदयपुर 27 अक्टूबर। जिले में जल जीवन मिशन के तहत युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है एवं स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूरा कर आमजन को राहत प्रदान करने के लिए प्रशासन दिन-रात कार्य कर रहा है. जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन में कोई कमी नहीं रहे, इसके लिए कलेक्टर ताराचंद मीणा भी निरंतर बैठकें लेकर एवं फिल्ड विजिट कर समीक्षा कर रहे हैं. गुरुवार को जल जीवन मिशन अंतर्गत जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की मासिक बैठक जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई जिसमें अधिकारियों से साथ विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत कार्यों एवं उनकी वर्तमान स्थिति को लेकर कलेक्टर ने जानकारी ली। कलेक्टर ने सभी लंबित कार्य बिना किसी विलम्ब के त्वरित गति से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में पीएचईडी अधीक्षण अभियंता विपिन जैन, अधिशासी अभियंता रामचन्द्र राड़, भूजल विभाग के वरिष्ठ हाइड्रोलॉजिस्ट अशोक बडाला सहित जल संसाधन विभाग, सिंचाई विभाग, आईसीडीएस के अधिकारी एवं पीएचईडी के सभी सहायक अभियंता उपस्थित रहे.।
जन सहभागिता एवं एकल ग्राम योजना पर चर्चा
बैठक में जल जीवन मिशन अंतर्गत स्वीकृत एवं प्रगतिरत योजनाओं की समीक्षा की हुई। इसके अलावा स्कूल, आंगनबाड़ी केन्द्रों, स्वास्थ्य केन्द्रों एवं गांवों में नल कनेक्शन को लेकर चर्चा की गई। इसके अलावा जल जीवन मिशन अंतर्गत जन सहभागिता एवं एकल ग्राम योजना के संचालन पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने ग्राम कार्य योजना एवं जिला कार्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन में जन सहभागिता को बढ़ाया जाए एवं गांवों में आमजन को सहभागिता हेतु प्रभावी तौर पर जागरूक किया जाए। इसके अलावा सीएसआर के तहत हो सकने वाले कार्यों पर भी चर्चा की गई.
ग्राम स्तरीय समितियों को प्रभावी बनाएं
कलेक्टर ताराचंद मीणा ने जिले में गठित की जा चुकी ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों का ग्राम सभा द्वारा अनुमोदन कर बैंक खाते खुलवाने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने भूजल की उपलब्धता एवं रिचार्ज स्ट्रक्चर को लेकर स्थिति जानी। उन्होंने थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन एजेंसी के गठन, कौशल विकास की गतिविधियों पर चर्चा की। उन्होंने आरएसएलडीसी द्वारा बेरोजगार युवाओं को इलेक्ट्रिशियन, प्लंबर एवं फीटर का प्रशिक्षण देने की प्रगति जानी।
जल जीवन मिशन के कार्य मिशन मोड पर जारी
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसई विपिन जैन ने बताया कि जिले में कुल 2492 गांवों में से 1701 गांवों को जल जीवन मिशन अंतर्गत लाभान्वित करने के प्रस्ताव भिजवाये गए हैं जिनमें से 499 प्रस्ताव 987 गांवों के लिए स्वीकृत हो गए हैं जिसकी लागत 1304.74 करोड़ रूपए है। साथ ही 298 गांवों की योजना प्रोजेक्ट डिवीजन द्वारा स्वीकृत की गई है जिसकी लागत 676.73 करोड़ रूपए है।  उन्होंने बताया कि जिले में कुल 5 लाख 64 हजार 242 नल कनेक्शन वर्ष 2024 तक किये जाने हैं। जल जीवन मिशन के प्रारंभ होने से पूर्व 41 हजार 521 कनेक्शन थे जो अब 97 हजार 575 हो गए हैं। जिले के सभी गांवों में ग्राम स्तरीय समितियों का गठन किया जा चुका है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!