आगामी 4 दिसंबर को प्रस्तावित परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण -2024 के तहत आयोजित होने वाले मूल्यांकन की पूर्व तैयारियों के मद्देनजर ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की एक दिवसीय आमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन सोमवार (कल) को डाइट के टैगोर सभागार में किया जाएगा।
डाइट प्रिंसीपल चंद्रशेखर जोशी के अनुसार गत शुक्रवार को राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद द्वारा जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय बैठक में दिए गए निर्देशानुसार मुख्य ज़िला शिक्षाधिकारी महेंद्र कुमार जैन के सानिध्य में यह आमुखीकरण कार्यशाला आयोजित की जा रही है। इस कार्यशाला में जिले के समस्त शैक्षणिक ब्लॉक के सीबीईओ एवम 35 प्रशिक्षित संदर्भ व्यक्ति हिस्सा लेंगे।
संस्थान के सेवारत प्रभाग द्वारा आयोजित इस कार्यशाला के बारे में प्रभागाध्यक्ष गायत्री जोशी में बताया कि वर्ष 2021 में राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (एन ए एस) का आयोजन हुआ था ,इसके बाद अब इस सर्वेक्षण को परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण 2024 के नाम से 4 दिसंबर को आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।
इसके तहत एनसीइआरटी नई दिल्ली द्वारा देश के समस्त राज्यो की शैक्षिक स्थिति का आंकलन करने के लिए राजकीय विद्यालयों में कक्षा 3, 6 व 9 में अध्ययनरत विद्यार्थियों की लिखित परीक्षा के माध्यम से भाषा, गणित , विज्ञान व सामाजिक विषय के शैक्षिक स्तर की जांच की जाएगी।
उदयपुर जिले के 97 विद्यालयों में परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण का आयोजन किया जाएगा। इस हेतु जिले के डीएलएड एवम बीएड कर रहे छात्रों को फील्ड इन्वेस्टीगेटर नाम देकर वीक्षक के रूप में लगाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इस हेतु दिनांक 29 से 31 अगस्त को ब्लाक स्तर के चयनित 35 सदर्भ व्यक्तियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। जिनके द्वारा सितम्बर माह में यूसीईईओ व पीईईओ स्तर पर 7- 7अध्यापको को प्रशिक्षित किया गया है।
