बालिका शिक्षा व सुरक्षा पर हुई चर्चा
उदयपुर, 11 अक्टूबर। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को सभागार, विज्ञान समिति उदयपुर में किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिका के अस्तित्व को सुनिश्चित करते हुए उसे सुरक्षा प्रदान करना तथा शिक्षित करना है, जिससे वह अपनी समस्त क्षमताओं का विकास कर सके।
इस अवसर पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुलदीप शर्मा ने सभी बालिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कदम से कदम बढ़ाकर लगातार अपने सपनों को पूरा करने की ओर आगे बढ़ते जाना है। सामाजिक कुरीतियां बालिकाओं के जीवन में नकारात्मक प्रभाव डालती है, लेकिन हमें उन सभी के खिलाफ खुद को मजबूत कर आगे बढ़ते जाना है। इस अवसर पर श्रीमती कीर्ति राठौड़, उपनिदेशक, समेकित बाल विकास सेवाएं ने बालिकाओं से जुड़ी सशक्तिकरण योजनाओं तथा शिक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाएं बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही है, हमें उन सभी योजनाओं का लाभ उठाना चाहिये।
इस अवसर पर सुश्री लब्धि सुराणा, अन्तर्राष्ट्रीय स्केटर एवं सुश्री झलक तोमर, अन्तर्राष्ट्रीय मुक्केबाज, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जिला ब्राण्ड एम्बेसेडर ने कहा कि जीवन में असफलता बहुत बार आती है, लेकिन हमको सभी असफलताओं को खुद के लिए सफलता की सीढ़ी मानते हुए मजबूती से आगे खड़े रहना है। कार्यक्रम में सुश्री रूचिका बालेचिया, द बेस्ट डवलपर्स, डांस स्टूडियो ने बालिकाओ के सशक्तिकरण पर नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मेहन्दी प्रतियोगिता में सुमन जैन, रश्मि सालवी, लक्ष्मी गमेती रंगोली प्रतियोगिता में मधुबाला मीणा, मोनिका गमेती, मेघना मेघवाल और पोस्टर प्रतियोगिता में विनिता मेघवाल, लता गर्ग क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय रहे।
अन्तर्राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया
