शिक्षा व जागरूकता के साथ आगे बढ़े महिलाएं-कलक्टर

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस-2023 का आयोजन
उदयपुर 14 मार्च।  जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास विभाग, उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में आरएनटी सभागार में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2023 का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में जिला कलक्टर ताराचंद मीणा, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त श्रीमती अंजलि राजोरिया, जिला परिषद सीईओ मयंक मनीष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव कुलदीप शर्मा, राजस्थान समाज कल्याण बोर्ड की सदस्य डॉ. दिव्यानी कटारा एवं अन्य पदाधिकारियों सहित 400 महिलाओं ने भाग लिया।
बालिकाओं व महिलाओं द्वारा “मैं नहीं हम” नारे के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। जिला कलक्टर ताराचंद मीणा ने समाज में शिक्षा एवं जागरूकता के साथ महिलाओं को आगे बढ़ने की बात कही। उन्होंने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं धरातल पर क्रियान्वयन हेतु विशेष प्रयास करने पर जोर दिया। महिला सशक्तिकरण विषय पर चर्चा करते हुए कलक्टर ने कहा कि समस्त महिलाओं को समान अवसर मिले, इस दिशा में सभी को विशेष कार्य करने की आवश्यकता है।
अतिरिक्त संभागीय आयुक्त श्रीमती अंजलि राजोरिया ने महिलाओं को उद्बोधित करते हुए कहा “गर्व से कहो कि हम महिला हैं”। उन्होंने महिलाओं व बालिकाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सदैव सकारात्मकता से कार्य करने के लिए प्रेरित किया एवं माहवारी स्वच्छता पर जागरूकता को बढ़ावा देने पर जोर दिया। सीईओ मयंक मनीष ने उड़ान योजना का व्यापक प्रचार प्रसार करने के साथ ही स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव कुलदीप शर्मा ने महिलाओं से जुड़े कानूनों की जानकारी देते हुए महिला सुरक्षा एवं अधिकारों के बारे में विचार रखे। महिला अधिकारिता उपनिदेशक संजय जोशी ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
इनका हुआ सम्मान
अंत में इन्दिरा महिला शक्ति प्रोत्साहन एवं सम्मान पुरस्कार 2023 के अन्तर्गत श्रीमती कल्पना गोयल, श्रीमती विमला विरवाल, श्रीमती किरण, श्रीमती उर्मिला राव, श्रीमती रोडी बाई मीणा, श्रीमती गुणकान्ता, श्रीमती अनीता जोशी, व श्रीमती लक्ष्मी परमार को सम्मानित किया गया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!