हरियाली अमावस्या पर हरियाले हिण्डोलने में विरोज ठाकुरजी

फतहनगर। यहां के द्वारिकाधीश मंदिर में गुरूवार को हरियाली अमावस्या पर हरियाले हिण्डोलने का मनोरथ किया गया। मनोरथ का आयोजन एकादशी से ही शुरू हो गया था। आज हरियाली अमावस्या होने से ठाकुरजी को नवनीत प्रियाजी के संग फूल पत्तियों से बनाए गए मनमोहक हिण्डोलने में विराजित किया गया। आज दिनभर इस विशेष मनोरथ को लेकर मंदिर में भक्तों द्वारा तैयारी की गई। मंदिर के गर्भगृह के सामने ही आयोजित इस मनोरथ के तहत ठाकुरजी को स्वर्णाभूषण धराए गए। गुलाब के पुष्पों के बीच विराजित ठाकुरजी एवं नवनीत प्रियाजी का मनमोहक श्रृंगार किया गया। ठाकुरजी के मुख पर बांसुरी,हाथों में शंख,चक्र एवं गदा तथा सिर पर स्वर्ण मुकुट धराया गया। ठीक इसके सामने ही मंदिर परिसर में गौ चारण का दृश्य भी दर्शाया गया। शाम सवा सात बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ मंदिर के कपाट खोले गए। कीर्तनकारों द्वारा साज बाज के साथ कीर्तन किया गया। महिला मण्डल ने भी गीत गंुजन के साथ इस विशिष्ट आयोजन को उंचाईयां दी। दर्शन खोले जाने के साथ ही भक्तों की आवाजाही बनी रही तथा प्रभुश्री के शयन तक लोग अनवरत आते रहे। मंदिर के पुजारी सत्यनारायण पालीवाल एवं कमल नयन पालीवाल ने ठाकुरजी को चंवर ढुलाकर सेवा अर्पित की। महा आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया। मंदिर में चल रहा यह मनोरथ कजली तीज को सम्पन्न होगा। हरियाली अमावस्या के अवसर पर गुरूवार को सिद्ध हनुमान मंदिर पर सामुहिक अखण्ड रामायण पाठ एवं ब्रह्मभोज का आयोजन भी किया गया। गोविंद, नीतिन माहेश्वरी चितौडगढ़ एव चेनसिंह,महेन्द्रसिंह चुण्डावत, चुंडावत खेड़ी के सहयोग से निर्मित सिंह द्वार का लोकार्पण शाम 4.15 बजे किया गया।  इधर हरियाली अमावस्या पर पिकनिक स्पाॅट बच्चों से आबाद रहे वहीं बाजार में मालपुए के स्टाल भी सजे जहां अच्छी ग्राहकी देखी गई। स्कूलों में अवकाश नहीं रहने से अधिसंख्य बच्चे भ्रमण का आनंद नहीं ले सके।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!