उदयपुर, 1 फरवरी। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेश भर में किसानों और आमजन को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए ग्राम उत्थान अभियान के तहत रविवार को जिले के 7 गिरदावर सर्कल क्षेत्रों में ग्राम उत्थान शिविरों का आयोजन हुआ। इसमें ग्रामीणों को को कृषि एवं पशुपालन सहित 13 विभागों की विभिन्न्न योजनाओं का हाथों हाथ लाभउपलब्ध कराया गया।
पंचायत समिति फलासिया अंतर्गत गिरदावर सर्कल कोल्यारी में आयोजित शिविर किसानों के लिए बड़ी राहत की सौगात लेकर आया। यहां शिविर प्रभारी प्रतापसिंह मीणा के निर्देशन में कृषि विभाग के अधिकारियों ने 5 किसानों को कृषि यंत्रों की वित्तीय स्वीकृति प्रपत्र वितरित किए। साथ ही 12 किसानों को गोवर्धन जैविक खेती योजना के तहत 10 हजार रूपए की वित्तीय सहायता के स्वीकृति पत्र हाथों हाथ उपलब्ध कराए गए। 2 किसानों को खेत तलाई योजना तथा 2 को बैलों से खेती के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। शिविर में त्वरित रूप से मिली सौगातों से किसानों की बांछे खिल गई। किसानों ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा तथा शासन प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
जिले में रविवार को बंबोरा, मावली, खैरोदा, वास, मामेर,कोल्यारी एवं माकड़ादेव में ग्राम उत्थान शिविर आयोजित हुए। इसमें कृषि, उद्यानिकी, राजस्व, कृषि विपणन, डेयरी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता, जल संसाधन, ऊर्जा, उद्योग, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज सहित13 विभागों ने भाग लिया। शिविरों में तारबंदी, पाईप लाईन, फार्म पौण्ड, बैलों से खेती योजना के अन्तर्गत प्रोत्साहन राशि की स्वीकृतियां, सॉइल हेल्थ कार्ड वितरण, बीज मिनिकिट वितरण का सत्यापन करने के साथ ही फव्वारा एवं ड्रिप, प्लास्टिक मल्च, सौर पम्प संयंत्र इत्यादि की स्वीकृतियां और मुख्यमंत्री कृषक साथी सहायता योजना के आवेदनों सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्य किए गए। इसी प्रकार स्वामित्व कार्डों का वितरण, नहरों एवं खालों की मरम्मत की आवश्यकताओं का चिन्हीकरण, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अन्तर्गत पंजीकरण एवं युवा स्वरोजगार योजना सहित अन्य कार्य भी संपादित किए। हाथों हाथ लाभ मिलने से किसानों के चेहरे खिल उठे।
