धर्म और राष्ट्र की रक्षा के संकल्प के साथ तिरंगा अभियान का आगाज

 हर घर तिरंगा अभियान
उदयपुर, 09 अगस्त। ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोषों के साथ भारतीय सेवा संस्थान ने तिरंगा अभियान का आगाज किया। अभियान का शुभारंभ उदयपुर के आराध्य बोहरा गणेश जी मंदिर से हुआ जहां प्रथम पूज्य गणपति को नमन कर श्रद्धालुओं को तिरंगा वितरण किया गया। साथ ही सभी से स्वाधीनता दिवस हर्षोल्लास से मनाने के आह्वान के साथ धर्म और राष्ट्र की रक्षा का संकल्प भी दिलाया गया।

 भारतीय सेवा संस्थान के सचिव राजकृष्ण पालीवाल ने बताया कि समाजसेवी अलका जी मूंदड़ा, समाजसेवी दिनेश जी भट्ट, क्षेत्रीय पार्षद मनोहर जी चौधरी, महेश जी भावसार, प्रेम जी सुथार, आनंद जी चित्तौड़ा, अंजू जी, लोकेश जी जोशी, भावना जी माली, सहित कई गणमान्यजनों के आशीर्वाद के साथ यह अभियान शुरू किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी अलका मूंदड़ा ने कहा कि आज आधुनिकता की चकाचौंध में नई पीढ़ी सनातन संस्कृति के संस्कारों को भूलती जा रही है। हम नैतिक संस्कारों को खोते जा रहे हैं। यही वजह है कि समाज में बच्चियों के साथ हैवानियत जैसी घटनाएं हो रही हैं। भ्रष्टाचार भी इतनी जड़ें जमा चुका है कि हर कोई इससे त्रस्त है। इन सभी से उबरने के लिए हमें अपने सनातन संस्कारों को मजबूत करना होगा। इसके लिए धर्म में दी गई शिक्षाओं को समझना होगा और राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों को भी समझकर उनकी पालना करने के लिए संकल्पबद्ध होना होगा।

 इस अवसर पर भारतीय सेवा संस्थान की अध्यक्ष पुष्पा मूंदड़ा ने बताया कि इस अभियान के तहत आगामी दिनों में विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर तिरंगा वितरण किया जाएगा। खासतौर से विभिन्न कथास्थलों पर भी जाकर संतजन से लेकर श्रद्धालुओं तक को तिरंगा वितरण किया जाएगा। उन सभी से यही आह्वान किया जाएगा कि वे अपनी नई पीढ़ी को धर्म आधारित नैतिक आचरण की शिक्षा को जीवन में उतारने के साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को भी समझें।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!