सदस्य व्यापार में आपसी सहयोग पर भी करेंगे चर्चा
उदयपुर। भारत के तेजी से बढ़ते बिजनेस नेटवर्किंग ग्रुप ‘बिजनेस सर्कल इंडिया’ (बीसीआई) की आधिकारिक बैठक 22 मार्च को आयोजित होने जा रही है। यह बैठक 100 फीट रोड, शोभागपुरा स्थित अशोका पैलेस के मधुश्री बैंक्वेट हॉल में होगी।
संस्थापक मुकेश माधवानी ने बताया कि इस महत्वपूर्ण बैठक में बीसीआई चार्टर, बीसीआई चैप्टर 2 और बीसीआई युवा की संयुक्त चर्चा होगी। बैठक में संगठन के उद्देश्यों, भविष्य की योजनाओं और व्यापार विस्तार के नए अवसरों पर मंथन किया जाएगा। साथ ही, सदस्यों के बीच नेटवर्किंग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए रणनीतियों पर चर्चा होगी।
बैठक के दौरान नॉलेज फोरम का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें ब्रह्माकुमारीज की गीता दीदी उपस्थित सदस्यों को आध्यात्मिक और व्यावसायिक ज्ञान से समृद्ध करेंगी। इस सत्र में मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और व्यापार में नैतिक मूल्यों के महत्व पर चर्चा होगी, जिससे सदस्यों को अपने व्यवसायिक जीवन में बेहतर संतुलन बनाने में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर चार्टर अध्यक्ष विप्लव कुमार जैन, चैप्टर 2 अध्यक्ष प्रदीप कालरा, बीसीआई युवा अध्यक्ष वेदांत सोलंकी, सचिव चिन्मय वैरागी, कोषाध्यक्ष पूनम पालीवाल सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहेंगे। बैठक के अंत में एक ओपन नेटवर्किंग सत्र होगा, जिसमें सभी सदस्य अपने व्यवसायों के संभावित सहयोग पर चर्चा करेंगे।
बैठक का उद्देश्य न केवल व्यवसायों को आपस में जोड़ना है, बल्कि एक ऐसे सशक्त मंच का निर्माण करना है, जहां कारोबारी जगत के सदस्य एक-दूसरे का सहयोग कर सकें और सामूहिक विकास को बढ़ावा दे सकें।
