अधिसूचना लागू होने के साथ आज से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया

विधानसभा आम चुनाव- 2023
उदयपुर, 29 अक्टूबर। विधानसभा आम चुनाव – 2023 के तहत चुनाव अधिसूचना सोमवार से लागू होगी। इसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल ने बताया कि चुनाव लड़ने के इच्छुक अभ्यर्थी संबंधित विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय से नाम निर्देशन पत्र की प्रति प्राप्त कर पूर्ण रूप से भर कर अपेक्षित दस्तावेजों के साथ रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में जमा करा सकेंगे। नामांकन का समय सुबह 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक रहेगा। नाम निर्देशन पत्र 30 अक्टूबर से 6 नवम्बर तक जमा कराए जा सकेंगे। इसके अलावा सुविधा पोर्टल से भी नाम निर्देशन पत्र ऑनलाइन दर्ज कराकर उसकी हार्डकॉपी रिटर्निंग अधिकारी को प्रस्तुत की जा सकती है। रविवारीय अवकाश के दिन नामांकन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
यह दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे :-
उप निर्वाचन अधिकारी शैलेश सुराणा ने बताया कि  अभ्यर्थी को नाम निर्देशन पत्र के साथ निम्नांकित आवश्यक दस्तावेज संलग्न करने हैं। नाम निर्देशन पत्र (फॉर्म-2ख) व 50 रुपये के स्टाम्प पर शपथ पत्र (फॉर्म-26) पूर्ण भरा हुआ प्रस्तुत करना है। इसमें कोई कॉलम रिक्त नहीं रखना है। शपथ पत्र का प्रत्येक पृष्ठ हस्ताक्षरित एवं नोटेरी होना चाहिए। इसके अलावा अमानत राशि की रसीद, जाति प्रमाण पत्र (लागू होने पर), सत्यापित मतदाता सूची (राज्य की किसी अन्य विधानसभा का मतदाता होने पर ), शपथ/प्रतिज्ञान का प्रारूप, राजनीतिक दल का प्रारूप-क एवं प्रारूप – ख (लागू होने पर), सांख्यिकी प्रारूप, निर्वाचन अभिकर्ता का नियुक्ति फार्म, पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ 04, बैंक खाते का विवरण तथा अभ्यर्थी एवं निर्वाचन अभिकर्ता के नमूना हस्ताक्षर संलग्न करने हैं।

भैरव भक्ति संध्या में श्रद्धालुओं को दिया मतदान का संदेश
उदयपुर, 29 अक्टूबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर स्वीप प्रकोष्ठ की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार रात को उदयपुर होलसेल गोल्ड सेलर संगठन एवं परमार्थ सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित नाकोड़ा पार्श्वनाथ भैरव भक्ति संध्या में स्वीप टीम ने श्रद्वालुओं को मतदान का संदेश दिया। स्वीप कोर्डिनेटर डॉ देवीलाल गर्ग व पुष्पेंद्रसिंह राठौड़ ने लोगों को 25 नवंबर को होने वाले चुनाव में सभी को मतदान करने, आचार संहिता उल्लंघन की घटनाओं पर की जाने वाली कार्यवाही, फॉर्म 12डी, वोटर हेल्पलाइन ऐप, सी विजिल ऐप की जानकारी दी एवं 80 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं एवं 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग मतदाताओं को घर बैठे वोट कास्ट करने की सुविधा संबंधी जानकारी दी।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!