कलक्टर ने निकाली शेष प्रतीक्षारत यात्रियों की लॉटरी, 1789 का हुआ चयन

वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2023
उदयपुर, 25 मई। राज्य सरकार के देवस्थान विभाग के निर्देशानुसार एवं मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2023 के क्रम में वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2023 के अंतर्गत वर्ष 2022 में यात्रा पर जाने से शेष रहे यात्रियों (प्रतीक्षा सूची व अतिरिक्त प्रतीक्षा सूची) के चयन के लिए गुरुवार को जिला कलक्टर ताराचंद मीणा ने डीओआईटी सभागार में उदयपुर जिले की लॉटरी निकाली। इस मौके पर जिला परिषद सीईओ सलोनी खेमका, एसीईओ विनय पाठक, डीओआईटी की संयुक्त निदेशक शीतल अग्रवाल सहित देवस्थान विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त उदयपुर जतिन कुमार गांधी ने बताया कि लॉटरी के माध्यम से कुल 1789 लोगों का चयन किया गया जिसमें 1610 वरिष्ठ नागरिक ट्रेन से एवं 179 यात्री हवाई जहाज से यात्रा करेंगे। लॉटरी द्वारा मुख्य सूची, प्रतीक्षा सूची एवं अतिरिक्त प्रतीक्षा सूची निकाली गई। उन्होंने बताया कि रेल यात्रा द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को प्रदेश के प्रमुख तीर्थ स्थलों रामेश्वरम, तिरुपति, वैष्णोदेवी, द्वारकापुरी, जगन्नाथ पुरी, कामाख्या, गंगासागर आदि तीर्थ यात्रा कराई जाएगी एवं हवाई यात्रियों को पशुपतिनाथ काठमांडू नेपाल की यात्रा करवाई जाएगी। गांधी ने बताया कि गत वर्ष कुल 20 हजार यात्रियों को यात्रा करवाई गई थी।
गांधी ने बताया कि राजस्थान में इस बार मुख्यमंत्री महोदय द्वारा बजट घोषणा में यात्रियों संख्या बढ़ाकर 40000 कर दी गई है, 36000 यात्रियों को रेल यात्रा द्वारा एवं 4000 यात्रियों को हवाई यात्रा कराई जाएगी। प्रथम रेल यात्रा 15 जून से रवाना होने की संभावना है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!