शक्ति वंदन कार्यक्रम में राजीविका की सफल महिलाओं ने साझा की सफलता की कहानियाँ

‘पहले सिर्फ घर में रहती थी, अब काम करती हूँ तो पूरे गाँव में लोग पहचानने लगे हैं, अन्य महिलाओं को भी प्रेरणा मिली है…’
‘मैं नियमित आय से अपने परिवार को संबल दे पा रही हूँ, अन्य महिलाओं को भी जागरूक करने लगी हूँ…’
‘अब मैं भी घर से बाहर निकल कर आस-पास की दुनिया देख पा रही हूँ, मुझे राजीविका माँ ने जो दिया है उसे शब्दों में बयां नहीं कर सकती…’
उत्कृष्ट कार्य करने वाली सखियों का हुआ सम्मान
मंच से उतर कर सखियों के बीच जाकर अतिथियों ने वितरित किए उपहार
राजसमंद 22 फरवरी। गुरुवार को जिला परिषद सभागार में आयोजित हुआ शक्ति वंदन कार्यक्रम मिसाल बन गया। अक्सर यह होता है कि उपहार पाने वाले व्यक्ति मंच पर आकर अतिथियों से प्राप्त करते हैं, लेकिन इस कार्यक्रम में अलग ही तस्वीर देखने को मिली। यहाँ कार्यक्रम समापन पश्चात विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी, जिला प्रमुख रतनी देवी जाट, जिला कलक्टर डॉ भंवर लाल, जिला परिषद सीईओ राहुल जैन आदि मंच से नीचे उतरे और कार्यक्रम में उपस्थित राजीविका के स्वयं सहायता समूहों की सखियों के बीच जाकर प्रत्येक को उपहार स्वरूप रजीविका द्वारा तैयार उत्पादों की टोकरियाँ भेंट की। इस दौरान महिलाओं ने भी अतिथियों के साथ सेल्फ़ी ली। 

जिला परियोजना प्रबंधक सुमन अजमेरा ने बताया कि इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली सखियों को सम्मानित किया गया। सखियों ने अपनी सफलता की कहानियाँ सभी से साझा की जिसके बाद तालियों की गड़गड़ाहट सुनाई दी। कार्यक्रम में समाजसेवी माधव लाल जाट, संयुक्त निदेशक डीओआईटी हिम्मत कीर, जिला उद्योग केंद्र महाप्रबंधक भानु प्रताप राणावत, श्रम कल्याण अधिकारी उमेश रायका, कार्यक्रम अधिकारी रूपेश पालीवाल, आदि उपस्थित रहे। संचालन जिला प्रबंधक भैरूलाल बुनकर द्वारा किया गया।

महिलाओं ने सुनाए इस तरह के अनुभव

कार्यक्रम में सफल सखियों राधिका पालीवाल, सरोज, सरिता कंवर, कांता सालवी आदि ने सफलता की कहानियाँ व्यक्त की। किसी ने कहा कि ‘पहले सिर्फ घर में रहती थी, अब काम करती हूँ तो पूरे गाँव में लोग पहचानने लगे हैं’, तो किसी ने कहा कि ‘मैं अब नियमित आय से अपने परिवार को संबल दे पा रही हूँ, अन्य महिलाओं को भी जागरूक करती हूँ’। ऐसे ही एक अन्य सखी ने कहा कि ‘पहले घर रहती थी, आस-पास का कुछ पता नहीं होता था, अब मुझे पता है राजसमंद का कलक्टर कौन है, विधायक कौन है’ क्योंकि अब घर से बाहर निकल कर दुनिया देख रही हूँ।

इन जगहों पर हुए कार्यक्रम

जिला परियोजना प्रबंधक सुमन अजमेरा ने बताया कि जिले में शक्ति वंदन कार्यक्रम सामुदायिक भवन खमनोर, पंचायत समिति आमेट एवं नगर पालिका सभा भवन देवगढ़ में भी आयोजित हुए जहां उत्कृष्ट कार्य करने वाली सखियों का सम्मान किया गया। डीपीएम अजमेरा ने बताया कि दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत राजीविका द्वारा गठित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के प्रोत्साहन हेतु ये कार्यक्रम हो रहे हैं। राजीविका द्वारा जिले में 8409 स्वयं सहायता समूहों का गठन कर 1,23,620 महिलाओं के साथ आजीविका संवर्धन की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

राजीविका ने महिलाओं के सपनों को दी उड़ान :विधायक

विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि माननीय यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में राजीविका के तहत सराहनीय कार्य हुए हैं। राजीविका की एसएचजी की सखियां महिला सशक्तिकरण की मिसाल है। इन महिलाओं ने अपने दम पर यह साबित करके दिखाया है कि वे भी किसी से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपना लोहा मनवा रही है। अन्य महिलाएं भी आगे बढ़ सकती हैं बस आत्मविश्वास की जरूरत है। उन्होंने जिला परियोजना प्रबंधक सुमन अजमेरा द्वारा जिले में किए गए कार्यों को मुक्त कंठ से सराहा और कहा कि जिले में रजीविका को लेकर उत्कृष्ट कार्य हुए हैं।

एसएचजी की सखियां महिला सशक्तिकरण की मिसाल :जिला प्रमुख

जिला प्रमुख रतनी देवी जाट ने कहा कि एसएचजी की सखियाँ आज रोजगार के माध्यम से अपने परिवार को सहयोग कर पा रही है। महिलाओं के काम करने से न सिर्फ उन्हे संभाल मिला है बल्कि उनके परिवार भी सशक्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर क्षेत्र में पढ़-लिख कर मेहनत कर आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाएं जो चाहें वह पा सकती हैं बस मोटिवेशन और परिश्रम की जरूरत है।

एसएचजी को करेंगे हर संभव सहयोग :जिला कलक्टर

जिला कलक्टर ने कार्यक्रम में कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्रशासन द्वारा हर संभव सहयोग प्रदान कर प्रोत्साहन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। कलक्टर ने कहा कि वे स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का मार्केट लिंकेज बेहतर कर उनके उत्पादों को बेहतर मार्केट प्रदान करने की दिशा में प्रयास करेंगे। उन्होंने महिलाओं से कहा कि आप नए-नए प्रॉडक्ट्स तैयार करें जो आज की मांग के अनुरूप हो। उन्होंने सखियों को टेक्नोलॉजी में दक्ष करने हेतु भी दिशा-निर्देश दिए। कहा कि प्रशासन आपके साथ हर समय खड़ा है।

उत्पादों में विविधता लाएं, आय बेहतर होगी :सीईओ

जिला परिषद सीईओ ने कहा कि राजीविका की महिलाएं अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करती है। गत दस वर्षों में आपने अपने दम पर जो करके दिखाया है वह अपने आप में उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि जरूरत है कि अब आप एक स्टेप और आगे जाएं और नवाचार करें। अलग-अलग प्रोडक्ट बनाएं। ऐसे प्रोडक्ट हों जिनका मार्केट अच्छा हो जिनसे आपकी आमदनी और बढ़ सके। उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना आदि की भी मंच से जानकारी देते हुए भ्रांतियाँ दूर की और सभी से इनका लाभ लेने की अपील की।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!