उदयपुर 29 मार्च। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के माध्यम से प्रतिदिन राज्य के हजारों परिवार जीवनदान पा रहे हैं। इस योजना में दस लाख रुपए तक का उपचार निशुल्क किया जा रहा है एवं मरीज बिना रुपया खर्च किए स्वस्थ हो पा रहे हैं।
उदयपुर के गिर्वा तहसील के बड़ी उन्दरी ग्राम निवासी सोहन मीणा का हाल ही में 11 मार्च को एक बाइक एक्सीडेंट हो गया था जिसमें उसे गंभीर चोटें आई। सोहन मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में पंजीकृत था, ऐसे में उसे चिरंजीवी योजना से सम्बद्ध निजी चिकित्सालय (पेसिफिक अस्पताल) ले जाया गया और भर्ती किया गया। भर्ती उपरांत उसका एक्सरे किया गया और उन्हें हाथ में फ्रैक्चर होने और अन्य अंगों पर चोटिल होने की जानकारी दी गई। यहाँ वह कुल सात दिन तक भर्ती रहा एवं इलाज़ लिया। अंततः 17 मार्च को सोहन को डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया। इस उपचार में कुल 25 हजार 300 रुपए का खर्च आया जिसका भुगतान चिरंजीवी योजना से अस्पताल को कर दिया गया और मरीज को एक भी रुपया नहीं चुकाना पड़ा। सोहन मीणा का कहना है कि एक्सीडेंट के बाद एकाएक इस बात की घबराहट हुई कि इलाज के लिए किस अस्पताल में जाएं लेकिन चिरंजीवी योजना में पंजीयन होने से तुरंत ही नजदीकी निजी चिकित्सालय में जाकर इलाज करवा सकें जहां एक भी रुपया नहीं लगा। उन्होंने निशुल्क उपचार हेतु मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है और पंजीयन से शेष परिवारों से भी शीघ्र पंजीयन करने की अपील की है।
जिले में लाभार्थी उत्सव के रूप में मनाया जाएगा राजस्थान दिवस
उदयपुर 29 मार्च। राज्य सरकार के दिशा निर्देशानुसार गुरुवार 30 मार्च को राजस्थान दिवस समारोहपूर्वक मनाया जाएगा। जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा ने बताया कि इस बार राजस्थान दिवस का कार्यक्रम जिला एवं प्रत्येक खंड स्तर लाभार्थी उत्सव के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से मुख्यमंत्री सीधा संवाद करेंगे। जिला स्तरीय समारोह नगर निगम के सुखाडि़या रंगमंच पर आयोजित होना प्रस्तावित है। इस संबंध में जिला कलक्टर ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए है।
उन्होंने कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, पेंशन योजना, स्कूटी योजना व अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को जिला व खंड स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में बुलाने लाभार्थियों के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अन्य आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कार्यक्रम में स्थानीय समस्त जनप्रतिनिधियों का आमंत्रित करने के साथ ही कार्यक्रम की सफल क्रियान्विति सुनिश्चित करने को कहा है।
वहीं जिला कलेक्टर मीणा ने खंड स्तरीय आयोजन के लिए समस्त उपखंड अधिकारी, विकास अधिकारी और खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी को लाभार्थी उत्सव कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
