’राज्यपाल श्री बागड़े ने सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह में श्रीमद भागवत कथा का किया श्रवण’
भीलवाड़ा, 20 फरवरी।राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागड़े ने सनातन मंगल महोत्सव को एतिहासिक आयोजन बताते हुए कहा कि सनातन संस्कृति दुनिया की सबसे प्राचीन ओर समावेशी सोच रखने वाली है ओर इस तरह के आयोजन सनातन संस्कृति को मजबूत बनाने वाले है। उन्होंने कहा कि दुनिया में कोई ताकत नहीं है जो सनातन संस्कृति के प्रति हमारी श्रद्धा और भक्ति को मिटा सके। इसी श्रद्धा के कारण ये संस्कृति सुरक्षित है । महाभारत ओर रामायण जैसे ग्रन्थ इसी सनातन संस्कृति के प्रतीक हैं।
हरिशेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर भीलवाड़ा के तत्वावधान में आठ दिवसीय सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह के दूसरे दिन राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागड़े पहुंचे ओर श्रीमद भागवत महापुराण कथा श्रवण कर श्रद्धालुओं को संबोधित किया ।
राज्यपाल ने कहा कि आठवीं सदी से ही सनातन संस्कृति को नष्ट करने के कई प्रयास होते रहे लेकिन आक्रमणकारी कभी सफल नहीं हो पाए। हमारे साधु संतों के सनातन संस्कृति ओर धर्म को बचाने का कार्य करने से ये सदा सुरक्षित रही। राज्यपाल ने व्यास पीठ पर विराजित श्रीधाम वृन्दावन के कथा व्यास डॉ. श्यामसुन्दर पाराशर का अभिनंदन करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने राज्यपाल को पुष्प गुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट करने के साथ आयोजन के उद्धेश्य एवं इस आठ दिवसीय आयोजन के तहत हो रहे विविध धार्मिक अनुष्ठानों व आयोजनों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक संगत ओर एक पंगत की भावना को मजबूत करने वाला ये आयोजन सनातन संस्कृति के विविध स्वरूपों को दर्शाने वाला ‘मिनी कुंभ’ है।
राज्यपाल ने हरिशेवा उदासीन आश्रम से रवाना होने से पूर्व सनातन मंगल महोत्सव के तहत हो रहे विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का अवलोकन किया। उन्होंने विश्व शांति, सर्व संकट निवारण एवं विश्व कल्याण की भावना से प्रतिदिन सुबह 8 बजे से हो रहे वैदिक अग्नि अनुष्ठान पंचकुण्डीय श्री विष्णु महायज्ञ, श्री अष्टोतर शत (108) भागवत मूल पाठ एवं शतचण्डी, अनवरत अखण्ड श्रीमद् भगवतगीता पाठ, श्री रामचरितमानस पाठ, श्रीचंद सिद्धांत सागर पाठ, अखण्ड श्री रामनाम संकीर्तन स्थल का अवलोकन किया।
राज्यपाल श्री बागड़े का हरिशेवा उदासीन आश्रम पहुंचने पर हरिशेवा उदासीन आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन महाराज एवं वहां के संत महात्माओं के साथ सनातन सेवा समिति एवं हंसगंगा हरिशेवा मण्डल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने स्वागत किया।
राज्यपाल ने इस भव्य आयोजन की सफलता के लिए मंगल कामना की। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल भी मौजूद थे। संचालन पंडित अशोक व्यास ने किया।
