उद्योगपति हसीना चक्कीवाला और ज़कि चक्कीवाला ने विद्या भवन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, फतहपुरा से हरी झंडी दिखा कर रन की शुरुआत की
–यह रन रानी रोड होते हुए महाकालेश्वर मंदिर, मोती मगरी, से फतहसागर पाल होते हुए पुन: विद्या भवन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मैदान पर समाप्त हुई
उदयपुर। लोगों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस दौड़ में विद्या भवन की विभिन्न सस्थानों के कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों के अलावा, स्टारबक्स, क्वालिटी मार्बल्स, इक्विटास बैंक, विद्या बन्धु संघ, शिक्षांतर, बिंदास फाउंडेशन, मेवाड़ी रनर्स, रोटरी क्लब ऑफ़ उदयपुर, स्वराज यूनिवर्सिटी, क्यूरियस ककून आदि विभिन्न संगठनों से लगभग 350 प्रतिभागी कार्यकर्ता शामिल थे।
विद्या भवन सोसायटी के अध्यक्ष श्री अजय एस. मेहता ने कार्यक्रम के प्रारंभ में मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि विद्या भवन ने अपने यहाँ अध्ययनरत बच्चो और कार्यकर्ताओं के मानसिक स्वास्थ्य को हमेशा सर्वोपरि रखा है और इसलिए विद्या भवन में वेलनेस टीम की शुरुआत की गयी। जी बी एच अमेरिकन हॉस्पिटल की डॉ. अनुराग ने सबसे आग्रह किया कि शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य अलग-अलग नहीं हैं, हमे इंन दोनों के महत्व को समझते हुए स्वयं और दूसरों का ख्याल रखना चाहिए।
मेवाड़ी रनर्स एवं बिंदास फाउंडेशन के प्रतिभागियों ने इवेंट एम्बेसेडर के रूप में प्रतिभागियों की होंसला अफजाई की एवं बिंदास गोविन्द ने दौड़ के प्रतिभागियों के साथ अपनी व्यक्तिगत डिप्रेशन की यात्रा साझा करते हुए रनिंग, साइकिलिंग, ट्रैकिंग से मिली मदद को भी सभी के साथ साझा किया।
ज़कि चक्कीवाला ने कहा कि बच्चों से ज्यादा अभिभावकों में मानसिक स्स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता होनी चाहिए ताकि वे अपने बच्चों की समस्याओं को समझ सकें और उनका उचित मार्गदर्शन कर सकें. उन्होंने आग्रह किया कि अगले वर्ष इस तरह के इवेंटस में अभिभावकों की भागीदारी पर ज़ोर देना चाहिए।
विद्या भवन सोसाइटी के मुख्य संचालक डॉ. अनुराग प्रियदर्शी ने कहा कि विद्यार्थी अपनी उम्र के अनुसार सीखे इसके लिए बहुत जरुरी है कि विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों अच्छा हो।
स्वराज की जेल यूनिवर्सिटी के जेल बैंड ने अपनी गायकी से कार्यक्रम का समां बांध दिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों और वालंटियर्स को मैडल दे कर सम्मानित किया गया एवं पूरी दौड़ के दौरान उदयपुर की आम जनता से बात-चीत के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाई गई।
