उदयपुर, 20 दिसंबर। रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर अशोका द्वारा रोग निवारण एवं उपचार सेवा परियोजना के अंतर्गत ज्योति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, उदयपुर में मच्छर नियंत्रण एवं जन-स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डी प्लस शानदार के सहयोग से स्कूल परिसर में मच्छर रोधी स्प्रे का छिड़काव किया गया, जिससे विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ को डेंगू, मलेरिया एवं चिकनगुनिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों से बचाव मिले।
इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर अशोका के चार्टर प्रेसिडेंट मुकेश माधवानी ने बताया कि डी प्लस शानदार की श्रीमती रुखसाना जी, रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर अशोका के अध्यक्ष रोटेरियन राहुल मखीजा एवं सचिव रोटेरियन डॉ. रजनीश कुमावत उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने मिलकर इस जनहितकारी पहल में सक्रिय सहभागिता निभाई एवं विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व पर प्रेरक संदेश दिया।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए स्वच्छता और व्यक्तिगत स्वास्थ्य पर एक विशेष प्रस्तुति दी गई, जिसमें हाथ धोने के सही तरीके, स्वच्छ परिवेश बनाए रखने और मच्छरों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। यह प्रस्तुति शिक्षा के साथ मनोरंजन का समावेश थी, जिसने बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई।
