सनातनी चातुर्मास: अनुष्ठानों के गूंजते मंत्रों के बीच भजन संध्या की तैयारियां जोरों पर

-गुरुवार को भजन संध्या में गूंजेंगे शहनाज अख्तर के सुर
-बड़बड़ेश्वर महादेव प्रांगण में बह रही भक्ति की गंगा
उदयपुर, 19 जुलाई। उदयपुर शहर की सीमा पर विराजित बड़बड़ेश्वर महादेव प्रांगण में पंचायती निरंजनी अखाड़ा के दिगम्बर खुशाल भारती महाराज के सान्निध्य में चल रहे सनातनी चातुर्मास में लगातार गूंजते अनुष्ठान मंत्र और हवन से सुवासित वातावरण भक्ति के भाव को और भी प्रगाढ़ कर रहे हैं। इसी बीच, गुरुवार को होने वाली भजन संध्या और 25 जुलाई से शुरू होने वाली पंच पुराण कथा की तैयारियां भी जोरों पर है।
चातुर्मास सर्व समाज सेवा समिति के सदस्यों ने बताया कि बुधवार को महागणपति अवन, बगला हवन, महालक्ष्मी हवन, पृथ्वी पूजन व अभिषेक सहित विविध अनुष्ठान हुए। इसमें  गजेन्द्र सिंह, नरेश सिंह, धर्मेन्द्र शाह ने परिवार सहित वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां अर्पित की।
समिति के सदस्यों ने बताया कि 20 जुलाई गुरुवार को होने वाली भजन संध्या में भजन गायिका शहनाज अख्तर, सोनू सिसोदिया, भजन गायक किशन भगत भक्ति गीतों की सरिता बहाएंगे। भजन संध्या शाम 7 बजे से शुरू होगी। इस भजन संध्या के आयोजक मारूवास के रमेश सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में बुधवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। वर्षाकाल को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
सदस्यों ने बताया कि चातुर्मास के दौरान पंच पुराणा की कथाओं का दौर 25 जुलाई से शुरू होगा। 25 जुलाई से 3 अगस्त तक विष्णु पुराण कथा, 10 अगस्त से 21 अगस्त तक महाशिव पुराण कथा, 3 सितम्बर से 9 सितम्बर तक भागवत कथा, 15 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक देवी भागवत कथा तथा 16 नवम्बर से 25 नवम्बर तक राम कथा का आयोजन होगा। इसी दरमियान 15 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक 54 कुण्डीय मां बगलामुखी महायज्ञ का आयोजन भी होगा। यह आयोजन विश्व में अपनी तरह का पहला आयोजन होगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!