राजसमंद 5 अगस्त। जिले के बालकृष्ण विद्या भवन से राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलंपिक खेलों का भव्य आगाज शनिवार सुबह हुआ। उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर नीलाभ सक्सेना रहे एवं अध्यक्षता नगर परिषद सभापति अशोक टांक ने की। इसके अलावा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपसभापति चुन्नीलाल पंचोली, उपखंड अधिकारी बृजेश गुप्ता, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रविंद्र तोमर, जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र गग्गड, जिला खेल अधिकारी चांद खान पठान आदि रहे।
जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना ने सर्वप्रथम दीप प्रज्वलन कर और ओलंपिक की ध्वजा फहरा कर इसका शुभारंभ किया। इसके पश्चात वे खिलाड़ियों से रूबरू हुए और उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान बच्चों ने कदम से कदम मिलाकर मार्च पास्ट भी किया। अतिथियों ने विभिन्न वर्गों में आयोजित हो रही खेल गतिविधियों को देखा।
कार्यक्रम के बाद कलक्टर एवं सभापति ने पौधारोपण भी किया। कार्यक्रम का संचालन दिनेश श्रीमाली ने किया।
फिट राजस्थान का नारा हो रहा चरितार्थ
राज्य में खेलों को प्रोत्साहित करने और फिट राजस्थान हिट राजस्थान के नारे को चरितार्थ करने के लिए मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत द्वारा राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलंपिक खेलों का आयोजन किया जा रहा है। गत वर्ष भी इन खेलों का आयोजन किया गया था। इस वर्ष शनिवार 5 अगस्त से ग्राम पंचायत स्तरीय एवं नगर निकाय स्तरीय प्रतियोगिताएं शुरू हो गई है। इन प्रतियोगिताओं के समापन के पश्चात ब्लॉक स्तरीय, जिला स्तरीय एवं अंत में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
खेलों से बढ़ता है आपस में मेलजोल :कलक्टर
जिला कलेक्टर ने उद्घाटन के दौरान खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल हम सभी के जीवन का जरूरी हिस्सा है, खेलों से मेलजोल बढ़ता है। उन्होंने सभी से खेल भावना के साथ खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अपील की और कहा कि आप सभी खेलों को एंजॉय करें और अपने आसपास के लोगों को भी निरंतर अपने जीवन में खेलों में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित करें।
सभापति टांक एवं उप सभापति पंचोली ने भी कार्यक्रम में आए खिलाड़ियों का शाब्दिक अभिनंदन किया और खेलों को प्रोत्साहन देने की गतिविधियों को सराहा।
सभी ने ली मतदान की शपथ
कार्यक्रम के अंत में मतदान करने की शपथ भी उपस्थित लोगों द्वारा ली गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने 1 अक्टूबर 2023 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने जा रहे युवाओं से फॉर्म नंबर 6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की अपील की है। कार्यक्रम में जगह-जगह मतदाता जागरूकता के बैनर पोस्टर भी लगाए गए।
