-कलक्टर व एसपी को अवगत करा किया निजात दिलाने का आग्रह
-राजेश वर्मा
उदयपुर 28 फरवरी। शहर के बोहरा गणेशजी मंदिर क्षेत्र में दिनों दिनों बढ़ती यातायात व्यवस्था और ट्रॉफिक जाम से क्षेत्रवासियों को काफी परेशानी हो रही है। समाजकंटकों द्वारा आए दिन उपद्रव फैलाने से क्षेत्र में अशांति का माहौल बना हुआ है।
श्री बोहरा गणेश क्षेत्र विकास समिति के अध्यक्ष भानुप्रकाश व्यास ने जिला कलक्टर ताराचंद मीणा और जिला पुलिस अधीक्षक विकास कुमार शर्मा को लिखित में अवगत कराया कि मंदिर क्षेत्र में अव्यवस्थाओं का आतंक दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। क्षेत्र में व्यवसायिक रूप से भोजन, इवेंट स्थल बना दिए जाने से यातायात की स्थिति अति विकट हो चुकी है। मंदिर क्षेत्र में परसादी के अलावा जन्मदिन पार्टी, शादी, वर्षगांठ पार्टी, प्रमोशन पार्टी जैसे आयोजन मंदिन भवन में होने से बाहर संकड़े मार्ग पर दो-तीन घंटे तक भारी यातायात दबाव के चलते जाम की गंभीर समस्या बनी रहती है। मंदिर के बाहर सैंकड़ों की संख्या में वाहनों की पार्किंग से लगने वाली समस्या क्षेत्रवासियों पर भारी पड़ रही है। यही मार्ग आयड़ से सुंदरवास के बीच आवागमन के लिए प्रमुख है। व्यास ने बताया कि मंदिर में कचरा व झूठन निस्तारण की व्यवस्था नहीं होने से यहां आने वाले आवारा पशुओं, कुत्तों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती है। मंदिर से बोहरा गणेश चौराहा तक सड़क के दोनों तरफ भारी अतिक्रमण होने के कारण वहां से गुजरने वाले वाहनों को पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती। जाम में फंसे वाहनों से निकलने वाले धुएं और शोर से काफी प्रदूषण फैल रहा है।
बोहरा गणेशजी मंदिर क्षेत्र में यातायात अव्यवस्था और जाम से लोग परेशान
