खेरवाड़ा। कस्बे के नजदीक थोबावाड़ा गांव में प्रातः 11 बजे एक तेंदुए ने दस्तक दी। तेंदुए के हमले में मुकेश पुत्र नवल राम डामोर घायल हो गया जिसे तेंदुए द्वारा नाखून लगाकर कमर में एवं कूल्हे पर जख्मी कर दिया गया। सूचना मिलने पर थानाधिकारी करनाराम मय जाब्ता एवं क्षेत्रीय वन अधिकारी मोहम्मद फजले रब्बी वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों को पैंथर से बचने की आवश्यक सावधानी रखने का बताया गया। वन विभाग की टीम द्वारा मौके पर एक पिंजरा भी रखा गया ताकि समय रहते तेंदुआ पिंजरे में कैद हो जाए और लोगों में भय का माहौल न रहे। इधर ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध खनन एवं वन क्षेत्र में पेड़ों की अंधाधुंध कटाई होने से जंगली जानवर आबादी क्षेत्र की ओर आ रहे हैं। वन विभाग की टीम में वनपाल सोहनलाल प्रजापत, झाझरी नाका के वनपाल, वनरक्षक धर्मेंद्र आदि उपस्थित रहे।
थोबावाड़ा में तेंदुए की दस्तक, एक ग्रामीण घायल
