ओमप्रकाश सोनी बिजोलियां को बनाया कार्यशाला समन्वयक

बड़ौदा में 10 दिवसीय कार्यशाला में उदयपुर को मिला गौरव
उदयपुर, 20 अप्रेल। शहर के ख्यातनाम चित्रकार ओमप्रकाश सोनी को गुजरात के बड़ौदा में आयोजित चित्र कार्यशाला में समन्वयक बनाते हुए उदयपुर को गौरव प्रदान किया गया है। उत्तरायण आर्ट फाउंडेशन बड़ौदा में 10 दिवसीय इस कार्यशाला का शुभारंभ गुरुवार को हुआ। कार्यशाला में होने वाले रचना कार्य के लिए उदयपुर के ओम प्रकाश सोनी, बिजोलियां को  समन्वयक बनाते हुए गौरवपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
बिजोलियां ने बताया कि इस कार्यशाला में पारंपरिक क्षेत्रीय चित्र शैलियों में सबसे प्राचीन मेवाड़ कलम के चितेरों ने 16 वीं सदी ओरछा के कवि केशवदास रचित रसिकप्रिया और 11वीं सदी उड़ीसा के भक्त कवि जयदेव कृत गीत गोविंद, राधा-कृष्ण के अनुराग और प्रेमाख्यान पर आधारित काव्य, पदों पर अनुपम चित्रों की 17वीं और 18वीं सदी में की गई रचनाएं पर उसी काल की मेवाड़ कलम और पारंपरिक पद्धति से राजस्थान के 8 चित्रकारों द्वारा चित्रांकन किया जाएगा।
इस कार्यशाला में उदयपुर से ओम प्रकाश सोनी, मनदीप शर्मा, संदीप शर्मा, राजेश सोनी, पुष्कर लोहार, जयपुर से संजीव शर्मा, भीलवाड़ा से अजय सोनी और कोटा से प्रमोद सोनी चित्रकार भाग ले रहे है।

जिला स्तरीय जनसुनवाई में परिवादियों को मिली राहत
उदयपुर, 20 अप्रेल। राज्य सरकार की त्रिस्तरीय जनसुनवाई व्यवस्था के तहत माह के तीसरे गुरुवार को जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डीओआईटी कक्ष में जनसुनवाई का आयोजन हुआ। जनसुनवाई में कुल 166 विविध प्रकरण प्राप्त हुए जिनमे से 18 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण करते हुए परिवादियों को त्वरित राहत दी गई। जनसुनवाई के दौरान जिला स्तरीय जन अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति के सरकार द्वारा मनोनीत सदस्य निर्मल कुमार सिंघवी, अमित सुहालका, नवाज शरीफ उर्फ सद्दाम हुसैन, श्रीमती नजमा मेवाफरोश ने भी भाग लिया।
एडीएम प्रशासन ओ.पी.बुनकर एवं एडीएम सिटी प्रभा गौतम की उपस्थिति में आयोजित इस जनसुनवाई में विभिन्न समस्याओं के साथ परिवादी उपस्थित हुए। इस दौरान बिजली, पानी, अतिक्रमण, कचरा निस्तारण, स्वच्छता, निर्माण कार्य आदि से संबंधित विभिन्न प्रकरण प्राप्त हुए। कुछ प्रकरणों के संबंध में संबंधित विभागों से मौके पर ही चर्चा करते हुए परिवादियों को राहत प्रदान की गई और शेष प्रकरणों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को वस्तुस्थिति की जांच करते हुए परिवादियों को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।
एडीएम बुनकर ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारियों का दायित्व बनता है कि समस्या लेकर आपके समक्ष आया कोई भी व्यक्ति निराश न लौटे, जहां तक हो समस्या का हाथों-हाथ समाधान करें। उन्होंने जनसुनवाई से जुड़े विभिन्न उपखण्ड स्तरीय अधिकारियों को भी सरकार की मंशा के अनुरूप जन राहत के कार्यों को प्राथमिकता से करने एवं राज्य सरकार की इस त्रिस्तरीय जनसुनवाई व्यवस्था को साकार करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम गिर्वा सलोनी खेमका, लोक सेवाएं सहायक निदेशक दीपक मेहता सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस प्रोटोकॉल योग पूर्वाभ्यास 23 अप्रेल को सहेलियों की बाड़ी में
उदयपुर 20 अप्रेल। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर आमजन में सहभागिता एवं योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार 23 अप्रेल रविवार को प्रातः 6.30 से 8.00 बजे तक सहेलियों की बाड़ी में योग दिवस का प्रोटोकॉल का अभ्यास करवाया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ शोभालाल औदीच्य ने बताया कि योग को आम जीवन में अपनाने के उद्देश्य से एवं अपनी दिनचर्या में नियमितता लाने के उद्देश्य से व रोगमुक्ति और अच्छे स्वास्थ्य के लिए विगत 16 वर्षाे से उदयपुर शहर में विभिन्न स्थानों में योगाभ्यास के माध्यम से योग का लाभ आमजन को  दिया जा रहा है। इस कार्यक्रम में आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर मिनिट टू मिनिट योग प्रोटोकोल का  अभ्यास  में आमजन भाग ले सकेंगे। योग प्रशिक्षक डॉ शुभा सुराणा, वर्ल्ड रिकोर्ड धारी  गोपाल डांगी ,अशोक जैन, डॉ मुकेश  पाठक, देवराम राज पुरोहित, प्रीतम सिंह, मोहन सिंह शक्तावत, प्रेम जैन, शारदा जालोरा, कीर्ति जालोरा, दरब सिंह भगेल, जिग्नेश शर्मा, डॉ इकबाल गोरी, डॉ संजय माहेश्वरी, भानु जैन, उषा शर्मा, सपना नागौरी आदि योग प्रशिक्षको द्वारा करवाया जायेगा।

विशेष सतर्कता अभियान में 305 बिजली चोरियां पकड़ी
उदयपुर, 20 अप्रेल। विद्युत विभाग की ओर से 18 से 19 अप्रैल तक विशेष सतर्कता अभियान चलाकर 305 विद्युत चोरियां पकड़ी गई है। अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए अधीक्षण अभियंता (सतर्कता) अजमेर ने बताया कि सीकर, उदयपुर, राजसमंद व चित्तौड़गढ़ के 19 सतर्कता अधिकारियों की टीम ने नागौर, डूंगरपुर व प्रतापगढ़ सर्किल मे विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत नागौर वृत्त में 153 चोरी पकड़ी गई जिसका राजस्व निर्धारण 61.80 लाख, डूंगरपुर वृत्त में 38 चोरी पकड़ी गई जिसका राजस्व निर्धारण 12.93 लाख,  प्रतापगढ़ वृत्त में 114 चोरी पकड़ी गई जिसका राजस्व निर्धारण 28.63 लाख किया गया। विद्युत चोरी करने वाले इन उपभोक्ताओं के खिलाफ नोटिस जारी किये गये है, यदि यह उपरोक्त राशि संबंधित कार्यालयों में जमा नहीं करवाते हैं तो एफ आई आर दर्ज की जाएगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!