अजमेर में जुटेंगे देश के ख्यातनाम गांधीवादी
भीलवाड़ा जिले से महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला संयोजक श्री अक्षय त्रिपाठी लेंगे भाग
भीलवाडा, 24 फरवरी। गांधीवादी संस्थाओं का राष्ट्र स्तरीय दो दिवसीय सम्मेलन 25 व 26 फरवरी को गांधी स्मृति उद्यान कोटड़ा अजमेर में आयोजित किया जाएगा। इसमें देश के ख्यातनाम गांधीवादी भाग लेंगे। सम्मेलन के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न कमेटियों का भी गठन किया गया है।
शांति एवं अहिंसा विभाग के द्वारा नवाचार के रूप में राष्ट्र की गांधीवादी संस्थाओं का सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। देश के विख्यात गांधीवादी विचारक इसमें भाग लेंगे। व्यवस्थाओं के सुचारू सम्पादन के लिए शांति एवं अहिंसा विभाग से प्राप्त निर्देशों के अनुसार समन्वयकारी समिति गठित की गई है। इस कमेटी के सदस्य भीलवाड़ा जिले से महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला संयोजक अक्षय त्रिपाठी डॉ. गोपाल बाहेती, जगदीश शर्मा, सवाई सिंह, धर्मवीर कटेवा, अनुराग गौतम, सुनील बंसल तथा शक्ति प्रताप सिंह राठौड़ है।
त्रिपाठी ने बताया कि सम्मेलन में महात्मा गांधी के मूल्यों एवं विचारों से प्रेरित राज्य सरकार की महत्वपूर्ण फ्लैगशिप योजनाओं, कार्यों एवं निर्णयों का प्रस्तुतीकरण भी दिया जाएगा। इनमें मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान पेंशन योजना, मुख्यमंत्री वृद्धजन सम्मान पेंशन योजना, मुख्यमंत्री विशेष योग्यजन पेंशन सम्मान योजना, पालनहार योजना, सिलिकोसिस पॉलिसी 2019 के अन्तर्गत देय लाभ, शुद्ध के लिए युद्ध अभियान, मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना, मुख्यमंत्री निःशुल्क जाच योजना, मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, मुख्यमंत्री निःशुल्क निरोगी राजस्थान योजना, इन्दिरा रसोई योजना इन्दिरा गांधी शहरी क्रेडिट कार्ड योजना इन्दिरा गांधी मातृत्व पोषण योजना, मुख्यमंत्री स्मॉल स्केल इण्डस्ट्रीयल प्रमोशन स्कीम, एमएसएमई एक्ट-रिप्स 2019, राजस्थान कृषि प्रसंस्करण, कृषि व्यवसाय एवं कृषि निर्यात प्रोत्साहन योजना 2019, घर-घर औषधि योजना, जनआधार योजना, जन सूचना पोर्टल, मुख्यमंत्री किसान ऊर्जा मित्र योजना, काली बाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी योजना एवं देवनारायण छात्रा स्कूटी योजना के बारे में प्रस्तुतिकरण दिया जाएगा।
सम्मेलन में विशिष्ट गांधीवादी विचारको द्वारा अपने विचार व्यक्त किए जाएंगे। स्थानीय लोक कलाकारों द्वारा गांधीजी के भजनों की प्रस्तुति तथा वाद्य यंत्रों का वादन किया जाएगा। गांधी जी के जीवन वृत का नाट्य मंचन भी होगा। इसके अतिरिक्त सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन भी होगा गांधी के सपनों का भारत विषय पर आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन भी प्रतिभागी कर सकेंगे। सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को अजमेर तथा पुष्कर के महत्वपूर्ण स्थानों का भ्रमण भी करवाया जाएगा।
माता पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण पोषण तथा कल्याण अधिनियम 2007
भीलवाड़ा, 24 फरवरी। बुजुर्गों के साथ हो रही उत्पीड़नात्मक घटनाओं की रोकथाम की दृष्टि से सरकार द्वारा पारित माता पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण पोषण तथा कल्याण अधिनियम 2007 की जानकारी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक श्री सत्यपाल जांगिड़ ने दी।
उन्होंने बताया कि उक्त अधिनियम के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजन जिनके पुत्र, पुत्री, पोत्र द्वारा उनकी सही ढंग से देखभाल नहीं करते हैं, परेशान करते है तथा सम्पति पर जोर जबरदस्ती प्राप्त करने का प्रयास करते है या वृद्धजन माता-पिता से मार पीट करते है तो वृद्धजन उक्त अधिनियम के तहत सहायता हेतु आवेदन कर सकते हैं। उक्त अधिनियम जम्मू कश्मीर राज्य को छोड़कर सम्पूर्ण भारत में दिनांक 29 दिसम्बर, 2007 को लागू किया गया है।
अधिनियम के तहत् उपखण्ड अधिकारी के यहां पीड़ित प्रार्थी – उपस्थित होकर सादे कागज पर सहायता हेतु आवेदन कर सकता है। प्राप्त आवेदन का निस्तारण सम्बन्धित उपखण्ड अधिकारी महोदय द्वारा 90 दिवस के अन्दर करना आवश्यक है ।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक श्री सत्यपाल जांगिड़ ने बताया कि उक्त अधिनियम के तहत् भीलवाड़ा में विभिन्न उपखण्ड अधिकारी के स्तर पर 39 प्रकरण प्राप्त हुये जिसमें से 6 प्रकरणों का निस्तारण कर दिया गया है । एवं शेष 33 प्रकरण समयावधि में होने पर 90 दिवस में निस्तारण कर दिया जावेगा ।
अधिनियम के तहत जिला कलक्टर स्तर पर भी एक कमेटी का गठन किया गया है जिसमें जिला कलक्टर महोदय द्वारा प्रत्येक त्रैमास में बैठक आयोजित कर उक्त अधिनियम में तहत् प्राप्त प्रकरणो पर चर्चा की जाती है।
