राजसमंद में भीम थाने पर भीड़ का पथराव, पुलिस ने हवाई फायर—लाठीचार्ज कर खदेड़ा

थानाधिकारी सहित तीन पुलिसकर्मी घायल, शव रखकर कर रहे थे प्रदर्शन
उदयपुर। राजस्थान के राजसमंद जिले के भीम थाने पर गुरुवार दोपहर गुस्साई भीड़ ने पथराव कर दिया। इसमें थाधिकारी शैलेंद्र सिंह सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। उसके बाद पुलिस ने हवाई फायर तथा लाठीचार्ज कर लोगों को खदेड़ा। बताया गया कि भीम क्षेत्र के कूकर खेड़ा के ग्रामीण बुधवार रात दो परिवारों के बीच हुए लाठी—भाटा जंग में घायल युवक की अस्पताल में मौत के बाद उसका शव थाने के बाहर रखकर प्रदर्शन कर रहे थे और पुलिस समझाइश में जुटी थी। इसी बीच, भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार कूकरखेडा गांव में बुधवार रात आपसी रंजिश में दो परिवारों में हुए लाठी-भाटा जंग में प्रेम सिंह नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए ब्यावर रेफर किया गया। हॉस्पिटल पहुंचने से पहले ही प्रेम सिंह की मौत हो गई। डॉक्टर ने प्रेम सिंह को मृत घोषित कर दिया। गुरुवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शव लेकर परिजन ब्यावर से सीधे भीम थाने के सामने पहुंचे। सैकड़ों लोग थाने के सामने जुट गए और प्रदर्शन करने लगे। नेशनल हाईवे 8 पर भी बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी आरोपियों को गिरफ्तारी होने के बाद ही शव उठाने की बात करने लगे। भीम उपखण्ड अधिकारी उम्मेद सिंह, भीम डिप्टी राजेन्द्र सिंह राठौड, तहसीलदार एवं अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी समझाइश में जुटे थे कि अचानक भीड़ में से कुछ लोगों ने थाने पर पथराव कर दिया। इसके बाद माहौल बिगड़ गया था। मामला बढ़ने पर नजदीकी  देवगढ़ और दिवेर थाना पुलिस जाब्ता को बुलाया गया। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी भी मौके पर पहुंचे। हालात को काबू करने के लिए लाठीचार्ज और हवाई फायर किया गया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!