विधायक मीणा ने ग्राम पंचायत नीनोर में महंगाई राहत कैंप  शिविर का निरीक्षण किया

प्रतापगढ़। राज्य सरकार की योजनाओं में युवाओं, विद्यार्थियों, किसानों, मजदूरों एवं महिलाओं सहित हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। बढ़ती महंगाई की मार से जनता को बचाने के लिए राज्य सरकार द्वारा महंगाई राहत कैम्प लगाए जा रहे हैं। उक्त बात विधायक   रामलाल मीणा  ने नीनोर में आयोजित महंगाई राहत कैंप के दौरान आमजन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि  कैंपों के माध्यम से आमजन को महंगाई से राहत मिलेगी और परिवार की बचत भी बढ़ेगी। उन्होंने इस दौरान लाभार्थियों को गारंटी कार्ड वितरित किए साथ ही आमजन की समस्याओं को सुना और निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
 महंगाई राहत कैम्पों से योजनाओं का लाभ
विधायक रामलाल मीणा ने कहा कि महंगाई राहत कैंपों के माध्यम से लोगों को न्यूनतम 1000 रुपए प्रतिमाह सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं घरेलू उपभोक्ताओं को 100 यूनिट तक निःशुल्क बिजली देकर महंगाई से राहत दी जा रही है। साथ ही निरोगी राजस्थान के लिए मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में 25 लाख रुपए का निःशुल्क इलाज, 10 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा, मुख्यमंत्री ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना अंतर्गत 25 दिन का अतिरिक्त रोजगार तथा कथौड़ी, सहरिया और विशेष योग्यजन को 100 दिवस का अतिरिक्त रोजगार एवं इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना में 125 दिन रोजगार मिलने से आमजन को संबल मिलेगा। मुख्यमंत्री निःशुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा के दायरे में आने वाले लाभार्थियों को प्रतिमाह निःशुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट मिलेंगे। उन्होंने कहा कि सभी पात्र व्यक्तियों के पंजीकरण तक महंगाई राहत कैम्पों का संचालन जारी रहेगा।
विधायक रामलाल मीणा ने कहा कि किसानों के लिए अलग बजट पेश करने वाला राजस्थान देश का पहला राज्य है। मुख्यमंत्री निःशुल्क कृषि बिजली योजना के तहत किसानों को 2000 यूनिट तक निःशुल्क बिजली का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि पशुपालकों को लम्पी रोग से मृत दुधारू पशुओं के लिए प्रति गाय 40 हजार रुपए की आर्थिक सहायता का प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री कामधेनु पशु बीमा योजना के तहत प्रति पशुपालक अधिकतम 2 दुधारू गौवंशीय पशुओं का 40-40 हजार रुपए का बीमा किया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री कामधेनु पशु बीमा योजना का दायरा बढ़ाते हुए इसमें भैंसों को भी शामिल किया गया है। इस दौरान कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, एवं नागरिकगण मौजूद थे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!