विभिन्न विधानसभाओं क्षेत्रों में हुई स्वीप गतिविधियां
उदयपुर 03 नवंबर। आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद पोसवाल के निर्देशन में जारी मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को शहीद लेफ्टिनेंट अभिनव नागोरी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भुवाणा में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मतदान का महत्व बताया। साथ ही सी-विजिल एप, मतदाता हेल्पलाइन एप व 1950 पर कॉल कर आचार संहिता के साथ विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी।
इसी क्रम में झाडोल पंचायत समिति की सभी ग्राम पंचायतों में एक साथ मतदान करने की शपथ दिलाई गई। पंचायत समिति नयागांव में रानी बॉर्डर पर बैनर के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया गया। उदयपुर के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय धानमंडी में विद्यार्थियों व स्टाफ सदस्यों को शत प्रतिशत मतदान करने एवं लोकतंत्र को मजबूत करने अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती आशा सोनी, विद्यालय स्टाफ एवं स्वीप प्रकोष्ठ से लच्छीराम गुर्जर, हर्षित मेहता व विनोद छापरवाल उपस्थित थे। विधानसभा क्षेत्र गोगुंदा के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय ब्राह्मणों की हुंदर, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बघेलां का गुड़ा व महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय डांगियो का गुड़ा लखावली में दीपदान कार्यक्रम के माध्यम से मतदान अवश्य करने का संदेश दिया गया।
भारत स्काउट एवं गाइड के सीओ सुरेंद्र पांडे ने बताया कि स्काउट व गाइड के विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर तथा रैली के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया और समस्त स्काउट गाइड को मतदान दिवस के लिए वालंटियर प्रशिक्षण दिया। सलूंबर विधानसभा क्षेत्र में कॉलेज छात्र छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर व रंगोली की माध्यम से लोकतंत्र में मतदान का महत्व बताया। इधर, शिव मंदिर गोवर्धन विलास में शुक्रवार शाम को तारा संस्थान और पेंशनर समाज की तरफ से मतदाता जागरूकता शाम आयोजित की गई, इसमें सभी वृद्ध जनों ने मतदान दिवस 25 नवंबर को मतदान अवश्य करने का प्रण लिया। महिला विकास अधिकारी का विभाग से संजय जोशी एवं उनकी टीम द्वारा बहुत ही खूबसूरत रंगोली बनाई गई और इस पर दीपदान का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मानव श्रृंखला, दीपदान, रंगोली व अन्य गतिविधियों में दिया मतदान अवश्य करने का संदेश
