उदयपुर, 01 सितंबर। आगामी विधानसभा आम चुनाव 2023 के स्वतंत्र, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण सम्पादन हेतु नियुक्त किये गये प्रभारी अधिकारियों एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों की बैठक जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद पोसवाल की अध्यक्षता मे 5 सितंबर को शाम 4 बजे जिला परिषद सभागार में आयोजित होगी। यह जानकारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष सुराणा ने दी।
आरओ व एआरओ का ऑनलाइन मूल्यांकन कार्यक्रम 15 को
उदयपुर, 1 सितंबर। भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली द्वारा राज्य के समस्त प्रशिक्षित रिटर्निंग अधिकारियों व सहायक रिटर्निंग अधिकारियों का ऑनलाइन मूल्यांकन जिला निर्वाचन अधिकारी स्तर पर किये जाने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। इन निर्देशों के क्रम में आरओ व एआरओ का ऑनलाइन मूल्यांकन कार्यक्रम 15 सितंबर को प्रातः 10ः30 बजे जिला परिषद सभागार में आयोजित होगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष सुराणा ने बताया कि ऑनलाइन मूल्यांकन समन्वय एवं मूल्यांकन स्थल पर समस्त व्यवस्थाओं के लिए महिला एवं बाल विकास उपनिदेशक कीर्ति राठौड़ को नोडल अधिकारी तथा पंजीयन एवं मुद्राक उपमहानिरीक्षक जितेन्द्र ओझा को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
बीसूका उपाध्यक्ष डॉ चंद्रभान 5 सितंबर को लेंगे बैठक
बीस सूत्री कार्यक्रम के साथ कल्याणकारी योजनाओं की करेंगे समीक्षा
उदयपुर 1 सितंबर। बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन एवं समन्वय समिति के उपाध्यक्ष कैबिनेट मंत्री डॉ चंद्रभान उदयपुर दौरे पर रहेंगे। निजी सहायक हेमंत शर्मा ने बताया कि डॉ चंद्रभान 4 सितंबर शाम 5 बजे उदयपुर पहुंचकर सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। 5 सितंबर को जिला परिषद सभागार में सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा करेंगे। यहां से वे 4ः30 बजे प्रस्थान कर 6 बजे राजसमंद पहुंचेंगे एवं वहां भी बीस सूत्री कार्यक्रम की बैठक लेंगे। इस दौरान राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा करेंगे।
मतदाता जागरूकता गतिविधियां जारी
मतदाता साक्षरता क्लब व वोटर हेल्पलाइन एप से मतदाताओं को कर रहे जागरूक
उदयपुर, 01 सितंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला कलक्टर अरविंद पोसवाल के निर्देशन में मतदाताओं को जागरूक करने व आगामी विधानसभा आम चुनाव 2023 में शत प्रतिशत वोटिंग सुनिश्चित करने हेतु मतदाता जागरूकता अभियान युद्ध स्तर पर जारी है।
मुख्य आयोजना अधिकारी पुनीत शर्मा ने बताया कि इस जागरूकता अभियान के तहत विद्यालय व महाविद्यालयों में मतदाता शिक्षा प्रदान करने हेतु मतदाता साक्षरता क्लब का गठन किया गया है जिसका लक्ष्य छात्र-छात्राओं को मतदान के प्रति जागरूक करना है। विभिन्न राजकीय व निजी विभाग, औद्योगिक इकाइयों-संगठनों में मतदाता शिक्षा प्रदान करने हेतु वोटर हेल्पलाइन एप का गठन किया गया है।
बूथ लेवल पर बीएलओ व अन्य स्थानीय कर्मचारियों को सदस्य बनाकर बूथ लेवल अवेयरनेस ग्रुप का गठन किया गया है जिसका लक्ष्य मतदान केंद्र परिक्षेत्र में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। ईआरओ द्वारा क्लस्टर कैंपों का आयोजन कर युवा, महिला, पीडब्ल्यूडी मतदाता, ट्रांसजेंडर, पीवीटीजी व अन्य जनजाति समूह को मतदान के प्रति जागरूक कर आगामी चुनावों में समस्त वर्गो के मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। स्वीप फील्ड टीम द्वारा स्कूल, कॉलेज व कोचिंग संस्थान व सार्वजनिक स्थलों पर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक कर मतदान की शपथ दिलाई जा रही है। सोशल मीडिया के सहयोग से मतदाताओं को जागरूक करने हेतु विभिन्न नवाचार किए जा रहे है।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं की सुविधा के लिए वोटर हेल्पलाइन एप सक्षम ईसीआईसी -विजिल व केवाईसी आदि ऑनलाइन एप बनाए गए हैं जिनके माध्यम से मतदाता अपना पंजीकरण करने के अलावा अन्य जानकारी भी हासिल कर सकते हैं।
राजस्थान मिशन 2030 : विभिन्न क्षेत्रों के विषय विशेषज्ञों ने दिए सुझाव
उदयपुर, 01 सितंबर। राजस्थान मिशन 2030 के संबंध में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता कार्यालय में उपनिदेशक मान्धाता सिंह राणावत की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें मिशन-2030 के मद्देनजर विकसित राजस्थान हेतु विभिन्न क्षेत्रों के विषय विशेषज्ञों से व्यापक परिचर्चा कर विभाग द्वारा विभिन्न वर्गों के लिए संचालित लोक कल्याणकारी योजनाओं यथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, पालनहार योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, मुख्यमंत्री विशेष योग्यजन स्वरोजगार योजना, उतर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना, नशा मुक्ति आदि के संदर्भ में प्राप्त अहम सुझावों के आधार पर एक समन्वित रिपोर्ट तैयार कर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग राजस्थान सरकार को प्रेषित किया गया।
बैठक में सहायक निदेशक के.के. चन्द्रवंशी, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी हर्षित पंचोली एवं दिशा भार्गव सहित बाल कल्याण समिति, उदयपुर के पूर्व अध्यक्ष ध्रुव कुमार कविया, स्वाधार गृह सेवा मन्दिर की निशा अलंकार फाउण्डेशन के अध्यक्ष देवकिशन शर्मा, आरोग्य सेवा संस्थान के अध्यक्ष नरपत सिंह एवं जिले में कार्यरत विभ्भिन गैर राजकीय संस्थाओं के प्रतिनिधि सम्मिलित हुए।
राजस्थान मिशन 2030ः आईटीआई में हुई कार्यशाला
उदयपुर, 1 सितंबर। राजस्थान मिशन 2030 के संबंध में आईटीआई उदयपुर कौशल नियोजन एवं उद्यमिता विभाग में कार्यशाला का आयोजन हुआ। विकसित राजस्थान हेतु राज्य सरकार द्वारा “विजन दस्तावेज-2030 तैयार करने का निर्णय लिया गया है। इस क्रम में समस्त स्टेक होल्डर्स, उद्योग प्रबन्धक, राजकीय एवं निजी आई.टी.आई. के अधिकारी एवं कार्मिक, प्रशिक्षणार्थियों एवं उनके अभिभावको के सुझाव प्राप्त किये गए हैं। कार्यशाला में संस्थान के राजकुमार बागोरा, नीरज नागौरी, अनिल खण्डेलवाल आदि उपस्थित रहे।
तीन दिवसीय शास्त्रीय गायन की कार्यशाला 13 से
उदयपुर, 1 सितंबर। महाराणा कुम्भा संगीत परिषद् एवं संगीत विभाग, मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविध्यालय उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय शास्त्रीय गायन की कार्यशाला आर्ट्स कोलेज के संगीत विभाग में 13 सितंबर से 15 सितंबर को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जाएगी। सचिव मनोज मोर्डिया ने बताया कि कार्यशाला में संगीत के विधार्थियों के साथ साथ शास्त्रीय गायन में रूचि रखने वाले सभी प्रतिभागियों को पद्मविभूषण पंडित जसराज के प्रमुख शिष्य इंदोर के पंडित गौतम काले शास्त्रीय गायन का प्रशिक्षण दिया जायेगा और ख्याल गायन विधा की बारीकियों का विस्तार से क्रियात्मक पक्ष का अभ्यास कराया जाएगा। कार्यशाला में प्रतिभागियों को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा एवं कार्यशाला की समाप्ति पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किये जाएगे। इच्छुक प्रतिभागियों को संगीत विभाग, सुखाड़िया विश्वविध्यालय एवं महाराणा कुम्भा संगीत परिषद् से आवेदन पत्र प्राप्त कर 8 सितंबर तक जमा करवाना होगा। आवेदन पत्र संगीत विभाग सुखाड़िया विश्वविध्यालय या हिन्द म्यूजिकल स्टोर, महाराणा कुम्भा संगीत परिषद्, गुमानिया वाला पेट्रोल पंप से प्राप्त किये जा सकते हैं।
