– साईक्लोथोन रैली में देंगे देशभक्ति व पर्यावरण का संदेश
उदयपुर, 25 मार्च। श्रमण भगवान महावीर स्वामी के जन्मकल्याणक महोत्सव का आगाज 26 मार्च रविवार को साईक्लोथोन रैली के साथ होगा। जिसमें पर्यावरण, राष्ट्रभक्ति व महावीर के सिद्धांतों से सजी-धजी साईकिले तथा वाहक फैंसी डे्रस में अपनी छटा बिखेरेंंगे। साईक्लोथोन रैली सायं 6 बजे चेतक स्थित गांधी ग्राउण्ड के बाहर से रवाना होकर हाथीपोल, अश्विीन बाजार, देहलीगेट होते हुए नगर निगम प्रांगण में सम्पन्न होगी।
महावीर जैन परिषद के मुख्य संयोजक राजकुमार फत्तावत ने बताया कि 3 अप्रेल प्रात: 8 बजे नगर निगम प्रांगण में विशाल शोभायात्रा एवं 1500 से अधिक दूपहिया वाहन रैली का आगाज समाजसेवी शांतिलाल वेलावत के झण्डारोहण के साथ होगा। रैली नगर निगम से प्रारम्भ होकर सूरजपोल, बापूबाजार, देहलीगेट, धानमण्डी, मण्डी की नाल, भडभूजा घाटी, बडा बाजार, घंटाघर, हाथीपोल, अश्विनी बाजार, देहली गेट होते हुए पुन: नगर निगम प्रांगण पहुंचेगी।
रैली का मुख्य आकर्षण 1500 दूपहिया वाहनों के साथ पर्यावरण, स्वच्छ भारत अभियान, देश भक्ति, जन संरक्षण, शाखाहार, नशामुक्ति, महिला सशक्तिकरण व भगवान महावीर के सिद्धांतों पर आधारित झांकियां भी रहेगी।
परिषद के कोषाध्यक्ष कुलदीप नाहर ने बताया कि साईक्लोथोन से प्रारम्भ होकर भव्य शोभायात्रा तक के कार्यक्रम निम्नानुसार रहेंगे।
– 26 मार्च साइक्लोथोन का आयोजन होगा जिसमें राष्ट्रभक्ति, पर्यावरण व भगवान महावीर के सिद्धांतों की प्रांसगिकता का संदेश दिया जाएगा।
– 27 मार्च को प्रथम तीर्थंकर भगवान ऋषभदेव से 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर के सिद्धांतों की प्रासंगिता पर विचार गोष्ठी का आयोजन होगा। जिसमें डॉ. तृत्पी जैन, एचओडी जेनोलोजी विभाग, जैन इन्टरनेशनल एज्यूकेशन सोसायटी द्वारा गोष्ठी में विशेष जानकारी प्रदान की जाएगी।
– 28 मार्च को सकल जैन समाज की विभिन्न महिला संगठनों द्वारा सांस्कृति प्रस्तुतियां दी जाएगी।
– 29 मार्च को महाराणा भूपाल चिकित्सालय में सेवा कार्य किया जाएगा जिसमें रोगियों को फल एवं बिस्कट वितरित किए जाएंगे।
– 30 मार्च को 24 तीर्थंकरों पर 24 ग्रुप द्वारा जैन गरबा रास का आयोजन होगा।
– 31 मार्च को सामूहिक नमस्कार महामंत्र जाप एवं 1008 दीपों की महाआरती का आयोजन होगा।
– 1 अप्रेल को विराट भक्ति संध्या जिसमें बैंगलोर के विख्यात जैन गीतकार विपीन पोरवाल द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।
– 2 अप्रेल को अहिंसा मैराथन का आयोजन होगा।
– 3 अप्रेल को श्रमण भगवान महावीर स्वामी के जन्मकल्याण दिवस पर विशाल शोभायात्रा एवं वाहन रैली का आयोजन किया जाएगा।
शोभायात्रा के संयोजक सुधीर चित्तौड़ा ने बताया कि रैली में सबसे आगे एस्कोर्ट, गजराज, पांच घोड़े, 21 झांकियां तथा समाज-संगठनों के हजारों श्रावक-श्राविकाएं पुरूष श्वेत परिधान व महिला चुनरी में हाथों में जैन ध्वज लेकर शोभायात्रा में शामिल होंगे।
