मदार नहर चली, बिना बारिश बीता दिन

मदार नहर से फतहसागर को ढाई फीट भरना है तभी चलेगी चादर
– स्वरूपसागर के गेट खुले हुए, उदयसागर का जलस्तर बढ़ रहा
उदयपुर, 23 जुलाई। उदयपुर शहर में बुधवार को आखिरी फतहसागर झील को छलकाने वाली मदार नहर चल ही पड़ी हालांकि यह आवक बहुत कम फ्लो के साथ शुरू हुई है लेकिन बारिश इसे बढ़ा देगा। संभवतः अब फतहसागर छलक ही जाएगा। इधर, उदयपुर शहर में आज का दिन भी बिन बारिश के बीत गया। मौसम में उमस बनी हुई है वहीं आयड़ नदी से प्रवाहित हो रहा पानी उदयसागर में समाहित होने से इसके जलस्तर में भी बढोतरी हो रही है। 24 फीट क्षमता वाली उदयसागर झील का जलस्तर 20 फीट 6 इंच हो गया है। अब तक 3 फीट 6 इंच खाली है। जल्द ही इसके गेट भी खोले जा सकते है।
मदार नहर के चलने की खुशी बुधवार को दोपहर मिली जब करीब एक बजे नहर में पानी प्रवाहित होने लगा। जल संसाधन विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार मदार नहर को चलाने वाले चिकलवास हेड 1 फीट 6 इंच व टेल 1 फीट के वेग से बह रही है। मदार नहर में आवक धीमी शुरू हुई है लेकिन यह आगामी दिनों में बारिश के साथ बढ़ जाएगी क्योंकि तालाबों के ओवरफ्लो होने से अब बरसने वाला पानी सीधा मदार नहर के जरिए फतहसागर में ही आएगा। इधर, तीसरे दिन भी स्वरूपसागर के चारो गेट चार-चार इंच खुले रहे वहीं इस पर दो इंच की चादर भी चल रही है। फतहसागर का जलस्तर 10 फीट 4 इंच है। 13 फीट क्षमता वाले फतहसागर को अब 2 फीट 6 इंच पानी की दरकार है। सीसारमा नदी का वेग एक फीट कम होकर तीन फीट हो गया है। इसमें देवास के गेट खुले होने से इसका पानी आ रहा है।
वहीं प्रातः 8 बजे समाप्त बीते 24 घंटों में उदयपुर जिले के वल्लभनगर में 50 मिमी (दो इंच) व बागोलिया में 14 मिमी बरसात हुई। इसके अलावा जिले के अधिकांश हिस्सों में बरसात के सामचार नहीं मिले है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!