मकान में घुसा तेंदुआ, ढाई घंटे दहशत में रहा परिवार

-राजेश वर्मा
उदयपुर, 03 अप्रेल । शहर के रिहायशी कॉलोनी सेक्टर 14 में बुधवार सुबह ढाई घंटे तक एक परिवार दहशत में रहा। उनके घर में एक तेंदुआ घुसा और सीढ़ियों में जा बैठा। उस समय घर में परिवार का मुखिया अपने युवा बेटे के साथ क्रिकेट खेलने गया था, जबकि उनकी पत्नी, पुत्रवधू, बेटी तथा डेढ़ साल की पौत्री घर में थीं।
घटना सेक्टर 14 स्थित सुहालका भवन के पड़ोस की है। सुबह पौने आठ बजे के लगभग अर्जुन डांगी के घर में तेंदुआ घुस गया था। उस दौरान मकान मालिक अर्जुन डांगी(48) अपने 30 वर्षीय बेटे शुभम के साथ क्रिकेट खेलने तीतरड़ी गए थे। जबकि उनकी पत्नी जमुना देवी (45), पुत्रवधू नित्या(28), बेटी ज्योति(27) तथा डेढ साल की पौत्री घर में थी। जमुना देवी घर की साफ—सफाई करने के बाद कचरा बाहर फैंककर घर में घुसी थी और घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था, जबकि नित्या रसोई में खाना पका रही थी।

नित्या ने सीढ़ियों पर चढ़ते देखा था तेंदुआ
बताया गया कि जब परिवार की बहू नित्या रसोई में खाना पकाने में जुटी थी तो उनकी निगाह पहली बार तेंदुए पर उस समय पड़ी जब वह सीढ़ियों की ओर बढ़ रहा था। एकबारगी उसकी सांसें अटक गई थी लेकिन जब तेंदुआ सीढ़ियों पर चढ़ गया तो वह दौड़कर उस कमरे में गई जहां परिवार के अन्य लोग मौजूद थे। तत्काल उसने कमरे का दरवाजा बंद किया और सास को बताया कि घर में तेंदुआ घुस आया। इसके चलते परिवार के सभी सदस्य घबरा गए। उन्हें कुछ मिनटों तक कुछ सूझ नहीं रहा। जब खुद को संभाला तब जाकर नित्या की सास ने उनके ससुर को फोन किया था।
जमुना देवी पति को फोन पर दी सूचना, पहले समझा मजाक कर रही
जमुना देवी ने घर में घुस आए तेंदुए की सूचना सबसे पहले अपने पति को दी थी। उनके क्रिकेट खेलने के चलते उनका फोन किसी दोस्त के पास था। दोस्त ने बताया कि उनके घर में तेंदुआ घुस आया है। उस समय उन्हें यह बात मजाक लगी और विश्वास नहीं किया। किन्तु जब उन्होंने घर पर फोन कर जानकारी मांगी तो यकीन हुआ था। जिसके बाद अशोक डांगी ने वन विभाग को सूचना दी थी। करीब आधे घंटे बाद वन विभाग का रेस्क्यू दल उनके घर पिंजरा लेकर पहुंचा।
ट्रेंक्यूलाइज कर किया रेस्क्यू  
वन विभाग के शूटर ने कमरे की खिड़की के जरिए तेंदुए को ट्रेंक्यूलाइज करने की कोशिश की लेकिन लेपर्ड निशाने पर ना होकर सीढ़ियों पर दूसरी जगह जा बैठा। तब दरवाजा बजाकर तेंदुआ को उस जगह से उठाने की कोशिश की गई। तेज आवाज के चलते तेंदुआ सीढ़ियों से उतरकर नीचे आकर बैठ गया। तभी शूटर ने निशाना लगाकर तेंदुए को ट्रेंकुलाइज कर दिया। जिसके बाद बेहोश हुए तेंदुए को वन विभाग की टीम ने उठाया और पिंजरे में शिफ्ट कर दिया। इस बीच लगे ढाई घंटे तक परिवार पूरी तरह दहशत में रहा।
कपड़े सुखाने जाने वाली थी नित्या
परिवार के मुखिया अर्जुन लाल डांगी ने बताया कि उनकी बहू नित्या कपड़े सुखाने छत पर जाने वाली थी। रसोई से उसे तेंदुआ सीढ़ियों पर चढ़ता दिखाई दे गया। ऐसा नहीं होता तो वह कपड़े सुखाने ऊपर जाती तो उसके साथ बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने बताया कि वह रोजाना की तरह तीतरड़ी में क्रिकेट खेलने अपने बेटे के साथ गए थे। इसके चलते उन्होंने अपना मोबाइल अपने मित्र को दे रखा था। फोन आया तो दोस्त ने बताया कि उसके घर में तेंदुआ घुस आया तो पहले इसे मजाक समझा। जब वापस घर पर फोन किया तो यकीन हो पाया।
कमरे घुस जाता हो हो जाती अनहोनी
परिवार की जमुना देवी ने बताया कि घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। वह घर की साफ—सफाई करने के बाद कचरा डालकर बाहर से आई थी। उसके घर में घुसने के कुछ पल बाद ही तेंदुआ घर में घुसा। उसने भी तेंदुआ को सीढ़ियों में चढ़ते देखा। वह दहशत में आते ही कमरे में घुसी ओर अंदर से उसे बंद कर लिया। परिवार के सभी सदस्य उसी कमरे में थे। यह तो अच्छा रहा कि वह कमरे में नहीं घुसा। यदि तेंदुआ उनके कमरे में घुस जाता तो आज अनहोनी हो जाती। हमने बेटे तथा पड़ोसियों को फोन किया कि वह उनके घर में नहीं आए।
तमाशबीनों की भीड़ जुटी
वन विभाग की रेस्क्यू टीम जब तेंदुए को रेस्क्यू करने पहुंची तो घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई। मकान के आसपास के घरों की छत पर भारी संख्या में लोग एकत्रित हो गए थे। लोगों को रोकने के लिए वन विभाग की टीम ने समझाइश की तब जाकर लोग थमे।
तेंदुओं के आबादी क्षेत्र में घुसने के लिए पहाड़ी क्षेत्रों में अवैध खनन तथा बढ़ती गर्मी जिम्मेदार
शहर के आसपास पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही अवैध खनन की गतिविधियों और तेज बढ़ती गर्मी के चलते तेदुए आबादी क्षेत्र में घुसने लगे हैं। पिछले कुछ समय से आए दिन आबादी क्षेत्र में तेंदुओं के घुसने की घटनाएं आम हो चुकी हैं। एक दिन पहले ही बीती रात को फलासिया के मादला उमरिया गांव में एक तेंदुए ने घर में सोए अधेड़ पर हमला कर दिया था, जिसे बचाने के प्रयास में उसका बेटा भी गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिनका उदयपुर के एमबी चिकित्सालय में उपचार जारी है। इसी तरह, दो दिन पहले कुराबड़ क्षेत्र के बंबोरा में एक तेंदुआ दो शावकों के साथ पेट्रोल पंप के पास विचरण करते सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ दिखा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!